देश की खबरें | वार्ता के लिए भारत, पाक से फारूक की अपील पर तरूण चुघ ने कहा: केवल भारतीय नगारिक से होगी बातचीत

श्रीनगर, 13 अगस्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता तरूण चुघ ने रविवार को कहा कि केंद्र सरकार कश्मीर पर पाकिस्तान के साथ कोई बातचीत नहीं करेगी, वह केवल भारत के नागरिकों के साथ वार्ता करेगी।

वह कश्मीर समस्या के समाधान के लिए भारत और पाकिस्तान से आपस में बातचीत करने की नेशनल कांफ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला की अपील के बारे में पूछे गये प्रश्न का उत्तर दे रहे थे।

चुघ ने कहा, ‘‘केवल भारतीय नागरिकों के साथ बातचीत होगी। फारूक अब्दुल्ला को सपने में बार-बार पाकिस्तान क्यों नजर आता है? वह चीन का राग क्यों अलापते हैं?’’

उन्होंने कहा कि भारत में जम्मू कश्मीर सुरक्षित व संरक्षित है।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत और जम्मू एवं कश्मीर की सुरक्षा किसी के रहमोकरम पर नहीं है। यह पाकिस्तान के रहमोकरम पर नहीं है। कश्मीर के लोग विकास के साथ हैं तथा वे अब इन साजिशों का और शिकार नहीं होंगे।’’

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती पर निशाना साधते हुए चुघ ने उनपर ‘नकारात्मक राजनीति’ करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, ‘‘वह हमेशा ही नकारात्मक राजनीति में लगी रही हैं।’’ उन्होंने पीडीपी नेता को स्वतंत्रता दिवस से पहले ‘तिरंगा थाम लेने’ की सलाह दी।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि क्यों उनके पिता मुफ्ती मोहम्मद सईद, जो केंद्रीय गृहमंत्री थे, ने लालचौक पर तिरंगा नहीं फहराया। वह खुद भी मुख्यमंत्री एवं पीपीडी प्रमुख थीं तो फिर उन्होंने क्यों तिरंगा नहीं फहराया।’’

अब्दुल्ला ने शनिवार को कहा था कि जम्मू कश्मीर में सीमा पर्यटन को बढ़ावा देना या रैलियां निकालना महज तमाशा है और यह सब तबतक चलेगा, जबतक भारत और पाकिस्तान कश्मीर मुद्दे पर ईमानदारी से बातचीत नहीं करते।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)