श्रीनगर, 19 जनवरी रंग-बिरंगे फूलों से सजा बगीचा सुंदर दिखता है। क्या यह उतना अच्छा लगेगा अगर हम केवल सफेद फूल ही लगाएं? श्रीनगर के हब्बा कदल इलाके में एक मस्जिद में जुमे की नमाज के लिए जाते समय एक कमजोर सा दिखने वाला बूढ़ा व्यक्ति यही सवाल पूछता है।
मोहम्मद यूसुफ खान के लिए कश्मीरी पंडित वे फूल हैं जो उस बगीचे में रंग और जीवन लाते हैं जिसे वह अपना घर - शहर ए खास में हब्बा कदल कहते हैं।
खान और हब्बा कदल के अन्य निवासियों का मानना है कि कश्मीरियत का विचार उन पड़ोसियों के बिना अधूरा है जिन्हें उन्होंने तीन दशक पहले खो दिया था और अब भी उनके लिए तरस रहे हैं।
स्थानीय निवासी शफीका कहती हैं, ‘‘हम एक ही प्लेट में खाना खाते थे। अगर वे लौटेंगे तो हमें बहुत खुशी होगी। हमें उनकी याद आती है।’’
हब्बा कदल वह स्थान है जहां खान बड़े हुए और साठ के दशक के मध्य से अब तक वहीं रहते हैं। यह इलाका दशकों तक सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल रहा है। यह एक ऐसी जगह है जहां मंदिरों में भजन-कीर्तन और मस्जिदों में उपदेश और अजान सुनाई देती हैं।
नब्बे के दशक की शुरुआत में आतंकवादी गतिविधियां बढ़ने के कारण भक्ति गीतों के सुखदायक संगीत की जगह गोलियों की आवाज ने ले ली।
19 जनवरी इस क्षेत्र से कश्मीरी पंडित समुदाय के पलायन का दिन है जिन्हें घाटी में आतंकवाद फैलने के बाद अपनी मातृभूमि से बाहर निकाल दिया गया था।
उन्होंने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘हम साथ रहते थे, साथ खाते थे। वास्तव में हम अब भी यहां अपने पंडित भाइयों के साथ रह रहे हैं। कोई अंतर नहीं है। हम खुशी से रह रहे हैं। इस गली के एक तरफ मंदिर है और दूसरी तरफ मस्जिद है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY