देश की खबरें | अधिकारी बाढ़ प्रभावित असम में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें: मांडविया

नयी दिल्ली, 17 जून केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने शनिवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे असम के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अहम स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। मंत्री ने हालात से प्रभावी रूप से निपटने के लिए केंद्रीय और राज्य संस्थानों के बीच मजबूत समन्वय पर जोर दिया।

मंत्री ने केंद्रीय और राज्य स्वास्थ्य एजेंसियों के साथ एक ऑनलाइन बैठक को संबोधित किया। इसमें मांडविया ने बिस्तर, ऑक्सीजन और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता जैसी जानकारी को सूचीबद्ध करने वाला एक ऑनलाइन डेटाबेस तैयार करने का निर्देश अधिकारियों को दिया ताकि किसी भी स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति के कुशल प्रबंधन को सुनिश्चित किया जा सके।

असम में बाढ़ की स्थिति शुक्रवार को और बदतर हो गई जब बाढ़ का पानी 11 जिलों के नये इलाकों में पहुंच गया और 34 हजार से अधिक लोग प्रभावित हो गये।

उन्होंने असम में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारी के साथ-साथ स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता की आवश्यकता का भी उल्लेख किया।

असम में प्रमुख सचिव (स्वास्थ्य) अविनाश जोशी ने बताया कि सभी आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।

समीक्षा बैठक में शामिल होने वाले छह जिलों - बारपेटा, कामरूप, कछार, लखीमपुर, दीमा हसाओ और डिब्रूगढ़ के उपायुक्तों ने आश्वासन दिया कि वे किसी बाढ़ से प्रभावी ढंग से निपटने को सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं।

एक बयान में कहा गया कि जरूरत पड़ने पर राज्य की सहायता के लिए गुवाहाटी स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) और राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र के विशेषज्ञों की एक टीम तैनात की जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)