शिमला, 13 जून हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अधिकारियों को सूखे पेड़ों का प्रभावी चिन्हांकन, कटान और निपटान सुनिश्चित करने के लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने का निर्देश दिया है। यह जानकारी एक सरकारी बयान में मंगलवार को दी गई।
सुक्खू ने वन विभाग और हिमाचल प्रदेश राज्य वन विकास निगम(एचपीएसएफडीसी) की समीक्षा बैठक के दौरान सोमवार को ये निर्देश दिए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए, सुक्खू ने कहा कि राज्य के लिए राजस्व अर्जित करने के दृष्टिगत वन भूमि से सूखे पेड़ों का समयबद्ध कटान आवश्यक है क्योंकि कुछ समय के उपरान्त यह नष्ट हो जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में, राज्य में वन भूमि पर लगभग 87,000 सूखे पेड़ हैं, जिनसे लगभग 64,000 क्यूबिक मीटर लकड़ी का उत्पादन किया जा सकता है।
उन्होंने इन पेड़ों के समय पर कटान और निपटारे के लिए मासिक आधार पर चिन्हांकन सुनिश्चित करने पर बल दिया।
सुक्खू ने सूखे पेड़ों की समय पर कटाई के लिए वन विभाग और हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम को आपस में सामंजस्य स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY