देश की खबरें | ओडिशा : डीजीपी ने दो रूसी नागरिकों की ‘अप्राकृतिक’ मौत की जांच सीआईडी को सौंपी

भुवनेश्वर, 27 दिसंबर ओडिशा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सुनील कुमार बंसल ने रायगढ़ जिले के एक ही होटल में दो रूसी नागरिकों की मौत के मामले की जांच मंगलवार को सीआईडी से कराने के आदेश दिए। मृतकों में एक रूसी सांसद है।

रूसी सांसद और कारोबारी पवेल एंतोव की 24 दिसंबर को होटल की तीसरी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी, जबकि उनके साथ भारत यात्रा पर आए व्लादिमीर बिदेनोव भी 22 दिसंबर को अपने कमरे में मृत पाए गए थे।

ओडिशा पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर बताया, ‘‘ओडिशा के डीजीपी ने मामलों की जांच रायगढ़ पुलिस थाने से लेकर सीआईडी को सौंपने का आदेश दिया है। ये मामले दो रूसी नागरिकों की रायगढ़ जिले में हुई अप्राकृतिक मौत से संबंधित हैं।’’

पुलिस अधिकारी ने बताया कि एंतोव अपना 66वां जन्मदिन मनाने के लिए बिदेनोव और दो अन्य मित्रों के साथ पर्यटन वीजा पर रायगढ़ आए थे।

बिदेनोव होटल की पहली मंजिल पर स्थित कमरे में अचेत अवस्था में मिले थे और उनके आसपास शराब की बोतलें थीं, जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया तो चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था।

अधिकारी ने बताया कि मृतक के अन्य साथियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि बिदेनोव का अंतिम संस्कार रायगढ़ में कर दिया गया है और एंतोव के पार्थिव शरीर को संरक्षित किया गया है।

होटल मालिक कौशिक ठक्कर ने बताया कि एंतोव, बिदेनोव की मौत के बाद से परेशान और अवसाद में दिख रहे थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)