भुवनेश्वर, 21 जुलाई ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने विपक्ष के नेता नवीन पटनायक से मुलाकात की और उन्हें सोमवार से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया।
रविवार दोपहर पटनायक के आवास पर हुई इस मुलाकात के दौरान माझी के साथ उपमुख्यमंत्री केवी सिंह देव भी मौजूद थे।
संसदीय कार्य मंत्री मुकेश महालिंग ने संवाददाताओं को बताया, "मुख्यमंत्री ने विपक्ष के नेता को विधानसभा अध्यक्ष द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में शामिल होने और सोमवार से सदन की कार्यवाही में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है।"
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पटनायक से रचनात्मक सुझाव भी मांगे हैं।
शनिवार को बीजू जनता दल (बीजद) विधायक दल की बैठक में पटनायक ने अपने पार्टी विधायकों से राज्य के साढ़े चार करोड़ लोगों के अधिकारों के लिए लड़ने को कहा था।
विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार सत्र सोमवार को राज्यपाल रघुबर दास के अभिभाषण के साथ शुरू होगा और 13 सितंबर तक जारी रहेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY