देश की खबरें | ओडिशा ने राज्य से पाकिस्तानियों को निर्वासित करने की प्रक्रिया शुरू की : आधिकारी

भुवनेश्वर, 12 अप्रैल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सभी राज्यों को निर्देश दिये जाने के बाद ओडिशा सरकार ने शुक्रवार को प्रदेश में रह रहे पाकिस्तानियों को वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।

जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के आलोक में यह दिशानिर्देश आया है। इस आतंकी हमले में 22 अप्रैल को 26 पर्यटकों की मौत हो गयी थी जिनमें से एक पर्यटक ओडिशा का रहने वाला था।

पुलिस महानिदेशक वाई बी खुरानिया ने बताया, ‘‘अब तक, 12 पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान की जा चुकी है, जो दीर्घकालिक और अल्पकालिक वीजा पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में रह रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षकों को अपने अधिकार क्षेत्र से पाकिस्तानी नागरिकों के निर्वासन को सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है।

खुरानिया ने कहा, ‘‘उन्हें नोटिस प्राप्त करने के 48 घंटों के भीतर देश छोड़ना होगा।’’ यह आदेश उन पर भी लागू होगा, जिनके वीजा की समय सीमा समाप्त हो गई है और वे इसके विस्तार का इंतजार कर रहे हैं।

सूत्रों ने कहा कि शाह ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से फोन पर बात की और उनसे यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि देश छोड़ने के लिए निर्धारित समय सीमा के बाद भारत में कोई भी पाकिस्तानी नहीं रहे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)