एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | भारत में हिम तेंदुओं की संख्या 718 : केंद्र

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि भारत में हिम तेंदुओं की संख्या अनुमानत: 718 है और लद्दाख में इनकी संख्या सर्वाधिक (477) पायी गई है।

देश की खबरें | भारत में हिम तेंदुओं की संख्या 718 : केंद्र

नयी दिल्ली, 30 जनवरी केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि भारत में हिम तेंदुओं की संख्या अनुमानत: 718 है और लद्दाख में इनकी संख्या सर्वाधिक (477) पायी गई है।

भारतीय वन्यजीव संस्थान (डब्ल्यूआईआई) ने 2019 और 2023 के बीच सभी हिम तेंदुआ रेंज वाले राज्यों और दो संरक्षण भागीदारों -- नेचर कंजर्वेशन फाउंडेशन, मैसूरू और डब्ल्यूडब्ल्यूएफ-इंडिया-- के सहयोग से पहली बार 'भारत में हिम तेंदुए की संख्या का आकलन' (एसपीएआई) किया।

पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव ने मंगलवार को यहां आयोजित राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की बैठक के दौरान रिपोर्ट जारी की।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘भारत में हिम तेंदुए की संख्या का आकलन (एसपीएआई) कार्यक्रम पहला वैज्ञानिक प्रयास है, इसके अनुसार भारत में हिम तेंदुए की संख्‍या 718 है।’’

बयान के अनुसार, डेटा विश्लेषण के आधार पर, विभिन्न राज्यों में हिम तेंदुओं की अनुमानित संख्या क्रमश: लद्दाख (477), उत्तराखंड (124), हिमाचल प्रदेश (51), अरुणाचल प्रदेश (36), सिक्किम (21), और जम्मू कश्मीर (9) है।

मंत्रालय के बयान के अनुसार, एसपीएआई ने व्यवस्थित रूप से देश में संभावित हिम तेंदुए के 70 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र को शामिल किया, जिसमें वन और वन्यजीव कर्मचारी, शोधकर्ता, स्वयंसेवक और अन्य भागीदारों का योगदान शामिल था।

बयान के मुताबिक, केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख तथा जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश जैसे राज्यों सहित ट्रांस-हिमालयी इलाके में लगभग 1,20,000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को शामिल करते हुए एसपीएआई का यह कार्यक्रम 2019 से 2023 तक दो चरणों में चलाया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 30, 2024 11:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).