नयी दिल्ली, 19 जून कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय की टिप्पणी को लेकर रविवार को निशाना साधा और चुटकी लेते हुए कहा कि अब ‘‘हमें समझ आया’’ 2019 में ‘मैं भी चौकीदार’ आंदोलन शुरू करने से भाजपा का तात्पर्य क्या था।
भाजपा नेता की टिप्पणी के संदर्भ में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया है, ‘‘जिन्होंने आज़ादी के 52 सालों तक तिरंगा नहीं फहराया, उनसे जवानों के सम्मान की उम्मीद नहीं की जा सकती।’’
उन्होंने लिखा है, ‘‘युवा, सेना में भर्ती होने का जज़्बा, चौकीदार बन कर भाजपा कार्यालयों की रक्षा करने के लिए नहीं, देश की रक्षा के लिए रखते हैं। प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) की चुप्पी इस बेइज़्ज़ती पर मोहर है।’’
गौरतलब है कि विजयवर्गीय ने अपनी टिप्पणी में कहा था कि पार्टी कार्यालय में सुरक्षा गार्ड की नौकरी देने के लिए वह ‘अग्निवीरों’ को प्राथमिकता देंगे। दरअसल केन्द्र सरकार ने सेना में भर्ती की ‘अग्निवीर योजना’ के तहत साढ़े 17 साल से 21 साल के युवाओं को चार साल के लिए सेना में भर्ती करने की बात कही है, जिसे लेकर पूरे देश में विरोध प्रदर्शन हो रहा है।
इस विरोध प्रदर्शन की पृष्ठभूमि में भाजपा के महासचिव विजयवर्गीय ने कहा कि अगर उन्हें पार्टी कार्यालय की सुरक्षा के लिए लोगों की भर्ती करने की जरुरत हुई तो वह ‘अग्निवीर सैनिक’ के रूप में काम कर चुके युवाओं को प्राथमिकता देंगे।
विजयवर्गीय की टिप्पणी पर मीडिया में आयी खबरों का स्क्रीनशॉट टैग करते हुए कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, ‘‘अब हमें समझ आया कि भाजपा के 2019 के ‘मैं भी चौकीदार’’ अभियान का वास्तविक अर्थ क्या था...’’
कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई ने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर कहा, ‘‘भाजपा के महासचिव सैनिकों का अपमान कर रहे हैं। अग्निवीर भाजपा कार्यालय के बाहर चौकीदार बनेंगे! श्रीमान मोदी हम इसी मानसिकता से डरे हुए थे... बेशर्म सरकार।’’
गौरतलब है कि इंदौर में भाजपा कार्यालय पर संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए विजयवर्गीय ने केन्द्र की ‘अग्निपथ योजना’ का बचाव करते हुए उक्त बयान दिया था जिसपर विवाद हो रहा है।
विजयवर्गीय ने कहा, ‘‘सेना के प्रशिक्षण में पहली बात अनुशासन है और दूसरा आदेश का पालन। उसे प्रशिक्षण लेना होगा और जब वह चार साल की सेवा के बाद वहां से निकलेगा तो उसके हाथों में 11 लाख रुपये होंगे। उसके सीने पर ‘अग्निवीर’ का बैच भी होगा।’’
भाजपा नेता ने आगे कहा, ‘‘अगर मुझे यहां, इस भाजपा कार्यालय के लिए सुरक्षाकर्मियों की भर्ती करनी पड़ी तो, मैं अग्निवीर को प्राथमिकता दूंगा।’’ विजयवर्गीय के इस बयान को सोशल मीडिया पर साझा किया गया और तमाम लोगों ने इसकी आलोचना की।
गौरतलब है कि सरकार ने पिछले मंगलवार को ‘अग्निपथ’ योजना की घोषणा की थी और उसके तहत भर्ती होने वालों को ‘अग्निवीर’ नाम देने की बात कही थी।
विजयवर्गीय ने बाद में एक बयान में आरोप लगाया कि ‘टूलकिट’ से जुड़े लोग ‘कर्मवीर’ का अपमान करने के लिए उनके बयान को तोड़-मरोड़ रहे हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि देश को ‘टूलकिट’ गिरोह की साजिशों का पता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY