विदेश की खबरें | पुतिन से मिलने के लिए रूस पहुंचे उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

किम द्वारा अपने देश के लिए आर्थिक सहयोग और सैन्य प्रौद्योगिकी मांगे जाने की उम्मीद है, और ऐसा प्रतीत होता है कि पुतिन को यूक्रेन में छापामार युद्ध के लिए युद्ध सामग्री की जरूरत है।

यह मुलाकात उत्तर कोरियाई नेता के लिए संयुक्त राष्ट्र प्रतिबंध और राजनयिक रूप से अलग-थलग पड़ने से निजात पाने के लिए एक अवसर है। पुतिन के लिए यह अपना गोलाबारूद भंडार भरने का अवसर है, जो रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते खाली हो गया है।

उत्तर कोरिया के साथ कोई भी हथियार सौदा प्रतिबंधों का उल्लंघन करेगा।

उत्तर कोरिया की आधिकारिक कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी ने कहा कि किम रविवार दोपहर अपनी एक विशेष ट्रेन से रूस रवाना हुए, उनके साथ कुछ मंत्री और सेना के अधिकारी भी हैं।

उनका अंतिम गंतव्य अनिश्चित है। कइयों ने यह अनुमान लगाया है कि किम और पुतिन व्लादिस्वोस्तोक में मिल सकते हैं, जो सीमा के नजदीक एक रूसी शहर है, जहां दोनों नेताओं ने पिछली बार 2019 में मुलाकात की थी। पुतिन एक आर्थिक मंच की बैठक के लिए इस हफ्ते वहां की यात्रा कर रहे हैं।

रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन के प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव ने केवल इस बात की पुष्टि की है कि किम रूस में प्रवेश कर चुके हैं, और सरकारी समाचार एजेंसी आरआईए-नोवस्ती ने बाद में अपनी खबर में कहा कि उनकी (किम की) ट्रेन राजदोलनाया नदी पार करने के बाद उत्तर की ओर बढ़ रही है, और व्लादिस्वोस्तोक से दूर जा रही है।

दक्षिण कोरिया समाचार एजेंसी ने बाद में एक तस्वीर प्रसारित की, जिसमें यह ट्रेन उसुरियस्क में दिख रही है। यह शहर व्लादिस्वोस्तोक से 60 किलोमीटर की दूरी पर है, जहां उत्तर कोरिया के लोगों की अच्छी-खासी आबादी है।

कुछ रूसी मीडिया संस्थानों ने ये अटकलें लगाई हैं कि वह वोस्तचनी अंतरिक्ष केंद्र की ओर बढ़ रहे हैं, जहां की पुतिन शीघ्र यात्रा करने वाले हैं।

पेस्कोव ने कहा कि पुतिन और किम व्लादिवोस्तोक में बैठक के बाद मिलेंगे और इस मुलाकात में किम के सम्मान में दोपहर भोज भी शामिल है।

किम के प्रतिनिधिमंडल में उनके विदेश मंत्री सी. सुन हुई और उनके दो शीर्ष सैन्य अधिकारी, कोरियाई पीपुल्स आर्मी के मार्शल री प्योंग चोल और पाक जोंग चोन के शामिल रहने की संभावना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)