देश की खबरें | नोएडा : मॉल में गुम हूई हीरे की अंगूठी को पुलिस ने चंद घंटे में दिल्ली से ढूंढ निकाला

नोएडा, पांच जून जनपद गौतमबुद्ध नगर की थाना सेक्टर-20 पुलिस ने डीएलएफ मॉल से एक महिला की गुम हुई करीब पांच लाख रुपए कीमत की हीरे की अंगूठी को चंद घंटे में दिल्ली से ढूंढ निकाला।

महिला ने इस कार्रवाई पर पुलिस का आभार जताया है।

सहायक पुलिस आयुक्त रजनीश वर्मा ने बताया कि दिल्ली की रहने वाली मानसी अरोड़ा रविवार को नोएडा के सेक्टर-18 स्थित एक मॉल में खरीदारी करने आई थीं।

उन्होंने बताया कि मानसी अपने छोटे बच्चे को लेकर ‘वॉशरूम’ (शौचालय) में गईं और बच्चे के कपड़े बदलने के दौरान उन्होंने अपनी हीरे की अंगूठी उतारकर रख दी।

अधिकारी ने बताया कि जब मानसी बाहर जाने लगीं तो वहां एक महिला ने उनसे पूछा कि आपका कोई सामान तो नहीं छूटा है। उन्होंने कहा कि इस बात पर मानसी ने ध्यान नहीं दिया।

वर्मा ने बताया कि मानसी घर गईं, उसके बाद उन्हें ध्यान आया कि उनकी हीरे की अंगूठी मॉल में ही छूट गई है।

उन्होने बताया कि वह वापस नोएडा आईं तथा थाना सेक्टर-20 पुलिस से शिकायत की।

अधिकारी ने बताया कि सेक्टर-18 डीएलएफ मॉल चौकी प्रभारी सुभाष चंद्र ने मॉल में लगे कई सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली तथा यह पाया कि पीड़िता जब वॉशरूम में थीं, तब एक महिला भी वहां मौजूद थी।

उन्होंने बताया कि उस महिला पर पुलिस को शक हुआ तथा पुलिस ने महिला जिस कार में गई थी उस कार के नंबर के आधार पर उसे दिल्ली से खोज निकाला।

पुलिस ने गुम हुई अंगूठी को महिला से बरामद कर लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)