देश की खबरें | प्रौद्योगिकी तक पहुंच के मामले में स्कूली छात्राओं और छात्रों के बीच उल्लेखनीय अंतर नहीं : सर्वेक्षण

नयी दिल्ली, 18 अप्रैल हाल ही में कराए गए एक सर्वेक्षण के अनुसार प्रौद्योगिकी तक पहुंच के मामले में स्कूल जाने वाले लड़कों और लड़कियों के बीच कोई उल्लेखनीय अंतर नहीं पाया गया है।

यह सर्वेक्षण सेंट्रल स्क्वायर फाउंडेशन द्वारा कराया गया है।

भारत सर्वे फॉर एडटेक (बीएएसई) के तहत, छह राज्यों - गुजरात, मध्य प्रदेश, मिजोरम, ओडिशा, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश में 6,000 से अधिक घरों को सर्वेक्षण में शामिल किया गया। इस सर्वेक्षण में 9,867 बच्चों को शामिल किया गया।

सर्वेक्षण की रिपोर्ट के अनुसार 64 प्रतिशत लड़कों की तुलना में 68 प्रतिशत लड़कियों की स्मार्टफोन तक साझा पहुंच थी जबकि तीन प्रतिशत लड़कियों की अपेक्षा सात प्रतिशत लड़कों की स्मार्टफोन तक 'समर्पित’ पहुंच थी।

सर्वेक्षण में पाया गया कि 33 प्रतिशत परिवारों का मानना है कि पढ़ाई में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए स्कूली शिक्षा पर्याप्त नहीं है।

रिपोर्ट के अनुसार ओडिशा में सबसे ज्यादा (65 प्रतिशत) परिवारों ने माना कि स्कूली शिक्षा अपर्याप्त थी जबकि तेलंगाना में नौ प्रतिशत परिवारों की ऐसी राय थी।

सर्वेक्षण में पाया गया कि जो बच्चे अभी सीखने के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग नहीं कर रहे हैं, उनमें से 61 प्रतिशत ने कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन के बाद स्कूलों के फिर से खुलने को सबसे प्रमुख कारण बताया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)