पुडुचेरी, 29 जून पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी और उनके आवास पर तैनात कर्मचारियों में सोमवार को जांच में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि नहीं हुयी । एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी ।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निदेशक एस मोहन कुमार ने यहां बताया कि मुख्यमंत्री को सात दिन के लिये अपने आवास में ही पृथक—वास की सलाह दी गयी है ।
मुख्यमंत्री एवं उनके आवास पर तैनात सभी कर्मचारियों की रविवार को कोविड—19 जांच की गयी। मुख्यमंत्री समेत किसी भी कर्मचारी में इस संक्रमण की पुष्टि नहीं हुयी। कुछ दिन पहले एक कर्मचारी में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुयी थी, जिसके बाद यह जांच करायी गयी है।
कुमार ने बताया कि नारायणसामी एवं सभी 52 कर्मचारियों की जांच में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि नहीं हुयी।
यह भी पढ़े | गोवा में कांग्रेस ने पेट्रोल, डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ किया प्रदर्शन.
इस बीच नारायणसामी ने कहा कि स्वास्थ्य अधिकारियों ने उन्हें एक हफ्ते तक पृथक—वास में रहने के लिये कहा है, क्योंकि उनके कार्यालय के एक कर्मचारी में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुयी थी ।
उन्होंने आज संवाददाताओं से कहा, 'मैं अपने आवास से ही काम कर रहा हूं क्योंकि मुझे लगभग एक हफ्ते तक यहीं रहना है ।'
पिछले कुछ दिनों से मुख्यमंत्री कार्यालय को संक्रमण मुक्त किया जा रहा है ।
कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने मुख्यमंत्री के आवास पर तैनात 32 सुरक्षाकर्मियों की कोरोना वायरस की जांच की। एक सुरक्षाकर्मी के पिता में रविवार को कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि के बाद यह कदम उठाया गया। जांच के परिणाम की प्रतीक्षा है।
इससे पहले भी मुख्यमंत्री, कैबिनेट सहयोगियों, विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायकों ने 23 अप्रैल को कोरोना वायरस संक्रमण की जांच करायी थी, और किसी में भी इस संक्रमण की पुष्टि नहीं हुयी ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY