ताजा खबरें | निशिकांत दुबे ने अधीर, रितेश से एक पत्रकार के व्हाट्सऐप चैट संबंधी टिप्पणी सत्यापित करने को कहा

नयी दिल्ली, आठ फरवरी भाजपा के निशिकांत दुबे ने लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी और बसपा सांसद रितेश पांडे द्वारा एक वरिष्ठ पत्रकार की बालाकोट एयर स्ट्राइक से संबंधित कथित व्हाट्एसऐप बातचीत का मुद्दा उठाए जाने को लेकर संसदीय नियमों का हवाला दिया और कहा कि दोनों नेताओं को अपनी बात सत्यापित करनी चाहिए।

दुबे ने लोकसभा में कहा कि इन दोनों नेताओं ने जो कहा है कि उन्हें सदन के पटल पर दस्तावेजों के आधार पर सत्यापित करना चाहिए।

इस दौरान दुबे और विपक्ष के कुछ सदस्यों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई।

इससे पहले राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान निचले सदन में अधीर रंजन चौधरी ने एक वरिष्ठ पत्रकार की कथित व्हाट्सऐप बातचीत सार्वजनिक होने का उल्लेख किया और कहा कि बालाकोट एयर स्ट्राइक से पहले जानकारी को लीक किया जाना सरकारी गोपनीयता कानून का उल्लंघन है और इसकी संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच कराई जानी चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘जब बालाकोट हमले की खबर किसी को नहीं थी तो एक पत्रकार को कैसे पता चल गया? यह देश की सुरक्षा का विषय है। इस टीआरपी घोटाले की जेपीसी जांच होनी चाहिए।’’

वहीं, बसपा सांसद रितेश पांडे ने कहा कि एक पत्रकार की जो बातचीत सामने आई है, वो बहुत गंभीर मामला है। यह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा विषय है। इसकी जांच की जरूरत है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)