देश की खबरें | अरुणाचल प्रदेश में दो सप्ताह में ‘डायरिया’ से नौ बच्चों की मौत

ईटानगर, एक अगस्त अरुणाचल प्रदेश के तिरप जिले में पिछले दो सप्ताह में डायरिया (उल्टी-दस्त) के कारण नौ बच्चों की मौत हो चुकी है। इन बच्चों की उम्र तीन से 10 साल के बीच थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पिछले एक पखवाड़े में पोंगकोंग गांव के सात और लोंग्लियांग के दो बच्चों की इस बीमारी के मौत हो गई। इससे स्वास्थ्य अधिकारियों और जिला प्रशासन की चिंताएं बढ़ गई हैं।

जिला चिकित्सा अधिकारी (डीएमओ) ओबांग तग्गू ने बताया कि मौत की उचित वजह का पता नहीं चल पाया है, क्योंकि जांच के लिए जो नमूने लिए गएथे उनके परिणाम अभी नहीं आए हैं।

जिले के अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, जबकि एक चिकित्सकीय दल और एक एम्बुलेंस लाजु सामुदायिक केंद्र में तैनात है।

अधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ दिन में स्थिति में सुधार हुआ है और किसी की मौत की खबर नहीं है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, पांच साल से कम उम्र के बच्चों में मौत का दूसरा सबसे बड़ा कारण ‘डायरिया’ है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)