देश की खबरें | असम में नौ बांग्लादेशी गिरफ्तार

मोरीगांव (असम), 24 मई असम के मोरीगांव जिले में शनिवार को भारत में अवैध रूप से रह रहे नौ बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि विदेशियों से संबंधित न्यायाधिकरण ने सभी को विदेशी नागरिक घोषित कर दिया था, लेकिन वे गिरफ्तारी से बच रहे थे।

उसने बताया, ‘‘मोरीगांव सीमा पुलिस की शाखा ने एक गुप्त अभियान चलाया और जिले के विभिन्न स्थानों से उन्हें पकड़ लिया।’’

पुलिस के मुताबिक मोरीगांव, मिकिरभेटा और धरमतुल पुलिस थाना क्षेत्र से दो-दो तथा जागीरोड, मायोंग और लाहौरीघाट पुलिस थाना क्षेत्र से एक-एक व्यक्ति को पकड़ा गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किये गये दो लोगों ने न्यायाधिकरण के फैसले के खिलाफ गुवाहाटी उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन उनकी अपील खारिज कर दी गयी।

उन्होंने बताया कि पुलिस फिलहाल गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिकों से पूछताछ कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)