देश की खबरें | एनएचआरसी की टीम ने संदेशखालि का दौरा किया, ग्रामीणों से बातचीत की

कोलकाता, 23 फरवरी राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) की एक टीम शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के संदेशखालि पहुंची और उन ग्रामीणों से बातचीत की जिन्होंने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के स्थानीय नेताओं पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है।

टीम में एनएचआरसी सदस्य विजया भारती सयानी और पांच अधिकारी शामिल थे।

टीम ने संदेशखालि के पात्रापारा और नतुनपारा सहित कई गांवों का दौरा किया। एनएचआरसी टीम के सदस्यों ने ग्रामीणों से बातचीत की और उनके बयान दर्ज किये।

एक सूत्र ने बताया कि टीम ने संदेशखालि थाने जाकर अधिकारियों से भी बात की।

उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखालि में बड़ी संख्या में लोगों ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता शाहजहां शेख और उसके समर्थकों पर 'जमीन हड़पने व यौन उत्पीड़न' का आरोप लगाया है।

एनएचआरसी ने पहले एक बयान में कहा था कि इलाके में मानवाधिकार के उल्लंघन के आरोपों की मौके पर जांच कर तथ्यों का पता लगाने के लिए पहुंची टीम का नेतृत्व आयोग के एक सदस्य करेंगे और अधिकारी उसकी मदद करेंगे।

मानवाधिकार आयोग की टीम नाव से कालागाछी नदी पार करने के बाद धमाखालि नौका घाट से होते हुए संदेशखालि पहुंची।

एनएचआरसी ने प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की खबरों पर स्वत: संज्ञान लिया है, जिनमें कहा गया है कि संदेशखालि में गरीब महिलाओं को कथित तौर पर परेशान किया गया और उनका यौन उत्पीड़न किया गया।

एनएचआरसी ने कहा कि उसने पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर संदेशखालि में हुई हिंसा के संबंध में चार सप्ताह में रिपोर्ट देने के लिए कहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)