गुवाहाटी, 19 अगस्त भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने असम में राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे वन क्षेत्र बढ़ाने के लिए शनिवार को राज्य सरकार के पर्यावरण और वन विभाग के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए।
समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर अतिरिक्त मुख्य सचिव (वन) रविशंकर प्रसाद और एनएचएआई के संयुक्त सलाहकार विकास ब्रह्मा ने हस्ताक्षर किए।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि एमओयू के अनुसार, पहले चरण में चार मंडलों- बोंगाईगांव, नलबाड़ी, नगांव और बरपेटा को कवर किया जाएगा।
इसमें कहा गया है कि विभाग का सामाजिक वानिकी प्रभाग राजमार्गों के किनारों और मध्य में पेड़ लगाने की योजना को क्रियान्वित करेगा।
वन मंत्री चंद्र मोहन पटवारी ने कहा कि यह समझौता हरित राजमार्गों के लक्ष्य को हासिल करने का मार्ग प्रशस्त करेगा।
उन्होंने सामाजिक वानिकी विभाग से ऐसे स्थानीय पेड़ लगाने को कहा है, जो असम की जलवायु में अच्छी तरह विकसित हो सकेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY