नयी दिल्ली, 21 सितंबर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने झारखंड में दलमा पहाड़ी श्रृंखला के संरक्षित क्षेत्र में सुवर्णरेखा नदी क्षेत्र में कथित तौर पर ऊंची इमारतों के ‘‘बेलगाम और अंधाधुंध’’ निर्माण के संबंध में तथ्यात्मक स्थिति का पता लगाने के लिए एक समिति का गठन किया है।
समिति को आठ सप्ताह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। इस समिति में केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय का रांची क्षेत्रीय कार्यालय, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) राज्य के जल संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव, राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एसपीसीबी) और संबंधित जिला मजिस्ट्रेट शामिल हैं।
अधिकरण एक याचिका पर सुनवाई कर रहा था जिसमें जमशेदपुर शहर के उत्तरी हिस्से में दलमा रेंज की तलहटी के पास नदी क्षेत्र में अवैध निर्माण में लगे निजी व्यक्तियों द्वारा पर्यावरण मानदंडों के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है।
अध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव की पीठ ने कहा कि यह "पर्यावरण कानूनों के उल्लंघन" से संबंधित मुद्दा है।
एनजीटी अध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव के नेतृत्व वाली पीठ ने कहा, ‘‘हम मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ), केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के रांची क्षेत्रीय कार्यालय, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के क्षेत्रीय निदेशक (पूर्व), राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एसपीसीबी) के सदस्य सचिव, राज्य के जल संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव और संबंधित जिला मजिस्ट्रेट को शामिल करते हुए एक संयुक्त समिति बनाना उचित समझते हैं।’’
पीठ में विशेषज्ञ सदस्य ए सेंथिल वेल और अफरोज़ अहमद भी शामिल थे। पीठ ने कहा कि जिला मजिस्ट्रेट समन्वय और अनुपालन के लिए नोडल एजेंसी के रूप में कार्य करेंगे।
अधिकरण ने कहा, ‘‘समिति स्थल का दौरा करेगी, पर्यावरण मानदंडों के उल्लंघन और विशेष रूप से ऊपर उल्लिखित मुद्दे के संबंध में तथ्यात्मक स्थिति का पता लगाएगी और पर्यावरणीय बहाली योजना सहित सुझाए गए उपचारात्मक उपायों के साथ पूर्वी क्षेत्र पीठ, कोलकाता के समक्ष आठ सप्ताह के भीतर एक रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।’’
पीठ ने मामले को कोलकाता में एनजीटी की पूर्वी क्षेत्र पीठ को स्थानांतरित कर दिया।
याचिका के अनुसार, ‘‘पर्यावरण दिशानिर्देशों का उल्लंघन करते हुए सुवर्णरेखा नदी क्षेत्र पर ऊंची इमारतों का बड़े पैमाने पर निर्माण हो रहा है और निजी व्यक्तियों द्वारा दलमा रेंज की तलहटी में निर्माण गतिविधियां शुरू की गई हैं, जो एक संरक्षित क्षेत्र है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY