देश की खबरें | ‘‘न्यूजक्लिक’’ का दावा-खातों पर आयकर विभाग ने लगाई रोक

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ऑनलाइन समाचार पोर्टल ‘‘न्यूजक्लिक’’ ने मंगलवार को दावा किया कि आयकर विभाग ने उसके बैंक खातों पर रोक लगा दी है और वह इस ‘‘अनुचित और कठोर’’ कार्रवाई के खिलाफ कानूनी कदम उठाएगा।

नयी दिल्ली, 19 दिसंबर ऑनलाइन समाचार पोर्टल ‘‘न्यूजक्लिक’’ ने मंगलवार को दावा किया कि आयकर विभाग ने उसके बैंक खातों पर रोक लगा दी है और वह इस ‘‘अनुचित और कठोर’’ कार्रवाई के खिलाफ कानूनी कदम उठाएगा।

आयकर अधिकारियों की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। ‘न्यूजक्लिक’’ ने कहा कि आयकर विभाग की कार्रवाई के कारण 18 दिसंबर की शाम तक कोई भी बैंक भुगतान करने में असमर्थ है।

समाचार पोर्टल ने अपनी वेबसाइट पर एक बयान में कहा, ‘‘इस कार्रवाई से हमारे खातों पर एक तरह से रोक लग गई है। यह कार्रवाई समाचार पोर्टल की प्रशासनिक-कानूनी घेराबंदी की निरंतरता प्रतीत होती है, जो फरवरी 2021 में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के छापे के साथ शुरू हुई, जिसके बाद सितंबर 2021 में आयकर विभाग का सर्वेक्षण हुआ और तीन अक्टूबर, 2023 को दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने कार्रवाई की।’’

‘‘न्यूजक्लिक’’ ने कहा कि उसे खातों पर रोक लगाने की कोई सूचना नहीं दी गई और कर्मचारियों को सोमवार शाम को नियमित भुगतान करने की कोशिश करते समय संयोग से इसका पता चला।

समाचार पोर्टल ने कहा, ‘‘इस मनमानी कार्रवाई के परिणामस्वरूप सभी कर्मचारियों, पत्रकारों, वीडियोग्राफर और प्रशासनिक व सहायक कर्मचारियों का वेतन तथा सलाहकारों और योगदानकर्ताओं को भुगतान नहीं किया जा सकता है, जिसमें दिसंबर के उन 19 दिनों का भुगतान भी शामिल है जो वे पहले ही काम कर चुके हैं।’’

समाचार पोर्टल ने कहा कि ‘‘न्यूजक्लिक’’ और उसके कानूनी सलाहकार घटनाक्रम पर गौर कर रहे हैं तथा इस ‘‘अनुचित और कठोर’’ कदम के खिलाफ कानूनी अपील जल्द से जल्द शुरू की जाएगी।

‘‘न्यूजक्लिक’’ के प्रधान संपादक और संस्थापक प्रबीर पुरकायस्थ तथा प्रशासनिक अधिकारी अमित चक्रवर्ती को अक्टूबर की तलाशी के बाद दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। वे फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को अदालत में आवेदन देकर ‘‘न्यूजक्लिक’’ पोर्टल के खिलाफ गैर कानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के तहत दर्ज मामले में अपनी जांच पूरी करने के लिए और समय की मांग की।

‘‘न्यूजक्लिक’’ कुछ महीने पहले तब सुर्खियों में आया था जब ‘‘न्यूयॉर्क टाइम्स’’ की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि यह पोर्टल एक वैश्विक नेटवर्क का हिस्सा था, जिसे अमेरिकी अरबपति नेविल रॉय सिंघम से धन मिला था। सिंघम चीन सरकार की मीडिया इकाई के साथ मिलकर काम करता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

\