नयी दिल्ली, 10 मार्च न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन 16 मार्च से भारत की पांच दिवसीय यात्रा पर आएंगे। लक्सन की यात्रा का उद्देश्य व्यापार और निवेश सहित प्रमुख क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ावा देना है।
प्रधानमंत्री के तौर पर लक्सन की यह पहली भारत यात्रा होगी।
विदेश मंत्रालय के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ बातचीत के अलावा वह 17 मार्च को नयी दिल्ली में 10वें ‘रायसीना डायलॉग’ के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे।
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री के साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आएगा जिसमें मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, कारोबारी दिग्गज, मीडिया और भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्य शामिल होंगे।
लक्सन 19 से 20 मार्च तक मुंबई का दौरा करेंगे और उसके बाद वेलिंगटन लौटेंगे।
विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री लक्सन 17 मार्च को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ भारत-न्यूजीलैंड संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करेंगे।’’
प्रधानमंत्री मोदी अतिथि के सम्मान में दोपहर भोज आयोजित करेंगे। लक्सन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि लक्सन की यात्रा भारत और न्यूजीलैंड के बीच दीर्घकालिक और स्थायी संबंधों को रेखांकित करती है।
मंत्रालय ने कहा, ‘‘यह सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने तथा हमारे लोगों के बीच घनिष्ठ संबंधों को गहरा करने के लिए दोनों देशों की निरंतर प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY