नयी दिल्ली, 19 जून युवा पेशेवरों के लिए एक नया ऑनलाइन पाठ्यक्रम 'दक्षता' (प्रशासन में समग्र परिवर्तन के लिए दृष्टिकोण, ज्ञान, कौशल का विकास) अब ‘इंटीग्रेटेड गवर्नमेंट ऑनलाइन ट्रेनिंग’ (आईजीओटी) कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। कार्मिक मंत्रालय ने सोमवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी।
आईजीओटी कर्मयोगी प्लेटफॉर्म सरकारी अधिकारियों को उनकी क्षमता निर्माण यात्रा में मार्गदर्शन करने के लिए एक व्यापक पोर्टल है।
ये पोर्टल ‘ऑनलाइन लर्निंग’, योग्यता प्रबंधन, करियर प्रबंधन, चर्चाओं, घटनाओं और नेटवर्किंग के लिए छह कार्यात्मक केंद्रों को जोड़ता है।
‘दक्षता’ में 18 पाठ्यक्रम शामिल हैं, जिनका लक्ष्य युवा पेशेवरों और सरकार से संबद्ध सलाहकारों को उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के लिए महत्वपूर्ण विषयों से परिचित कराकर कार्यात्मक, क्षेत्राधिकार संबंधी और व्यावहारिक दक्षताओं का निर्माण करना है।
बयान में कहा गया है कि वर्तमान में, नीति आयोग में 40 युवा पेशेवर और सलाहकार ‘आईजीओटी कर्मयोगी’ प्लेटफॉर्म पर ‘दक्षता’ पाठ्यक्रमों के माध्यम से चरणबद्ध प्रारंभिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'विकसित भारत' के निर्माण के दृष्टिकोण के अनुरूप, मिशन कर्मयोगी एक स्मार्ट, नागरिक-अनुकूल और भविष्य के लिए तैयार सार्वजनिक कार्यबल विकसित करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY