शिमला, 18 जून हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को कहा कि राज्य के तकनीकी कॉलेजों में नये शैक्षणिक सत्र से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डेटा साइंस और मेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग जैसे नये दौर के पाठ्यक्रमों की शुरुआत की जाएगी।
एक बयान के अनुसार, सुक्खू ने शनिवार शाम तकनीकी संस्थानों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए तकनीकी प्रगति में सबसे आगे रहने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अगस्त 2023 से विभिन्न संस्थानों में कई तरह के पाठ्यक्रम शुरू करने का निर्णायक कदम उठाया है।
गवर्नमेंट हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बिलासपुर कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डेटा साइंस में विशेषज्ञता के साथ कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी (बी.टेक) प्रोग्राम की शुरुआत करेगा। बयान में कहा गया है कि इस पाठ्यक्रम को अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) और हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय (एचपीटीयू) द्वारा अनुमोदित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रोहड़ू और चंबा में सरकारी पॉलिटेक्निक संस्थान अब क्रमशः कंप्यूटर इंजीनियरिंग और मेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में विशेष पाठ्यक्रम की पेशकश करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पाठ्यक्रमों को एआईसीटीई द्वारा भी मंजूरी दी गई है।
उद्योग की बढ़ती मांगों के साथ, राज्य के 17 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में अन्य पाठ्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे। सुक्खू ने कहा कि इन पाठ्यक्रमों में मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल, टेक्नीशियन मेक्ट्रॉनिक्स, फाइबर टू होम टेक्नीशियन, सोलर टेक्नीशियन (इलेक्ट्रिक), इंटरनेट ऑफ थिंग्स टेक्नीशियन और मेंटेनेंस मैकेनिक (रसायन संयंत्र) शामिल हैं।
व्यावहारिक प्रशिक्षण के महत्व पर जोर देते हुए, मुख्यमंत्री ने छात्रों को वास्तविक दुनिया का अनुभव प्रदान करने के लिए अग्रणी कंपनियों के साथ सहयोग करने के लिए कहा।
सुक्खू ने कहा कि इस तरह की साझेदारी को बढ़ावा देकर, सरकार का उद्देश्य शिक्षा और उद्योग के बीच की खाई को पाटना है, छात्रों को उनके करियर में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए आवश्यक कौशल और ज्ञान से लैस करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा की उच्चतम गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए, सरकार योग्य कर्मचारियों को तैनात करेगी जिन्हें विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इन नये युग के पाठ्यक्रमों की शुरुआत के साथ, हिमाचल प्रदेश सरकार तकनीकी प्रगति के लिए अनुकूल वातावरण बनाने और राज्य में युवाओं के लिए रोजगार के प्रचुर अवसर खोलने का प्रयास कर रही है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY