इनोशिमा (जापान), 25 जुलाई भारतीय सेलिंग (पाल नौकायन) खिलाड़ियों ने रविवार को यहां तोक्यो ओलंपिक में अपने अभियान की शुरुआत की जिसमें नेत्रा कुमानन दो रेस के बाद 27वें स्थान पर चल रही हैं जबकि विष्णु सरवनन अपनी पहली रेस के बाद 14वें स्थान पर हैं।
नेत्रा की शुरुआत अच्छी नहीं रही और वह महिला लेजर रेडियल में पहली रेस के बाद 33वें स्थान पर थी। उन्होंने दूसरी रेस में 16वें स्थान के साथ वापसी का प्रयास किया और 49 नेट अंक के साथ कुल 27वें स्थान पर चल रही हैं।
सरवनन पुरुष लेजर स्पर्धा में पहली रेस में 14वें स्थान पर रहे। खराब मौसम के कारण दूसरी रेस को स्थगित कर दिया गया।
प्रत्येक स्पर्धा में कई रेस होती हैं। प्रत्येक रेस में स्थान के अनुसार अंक दिए जाते हैं। विजेता को एक अंक जबकि दूसरे स्थान पर आने वाले को दो अंक दिए जाते हैं। इसी तरह बाकी खिलाड़ियों को भी अंक मिलते हैं।
अंतिम रेस पदक रेस होती है जिसमें दोगुने अंक दिए जाते हैं। पदक रेस के बाद जिस खिलाड़ी या टीम के सबसे कम अंक होते हैं उसे विजेता घोषित किया जाता है।
महिला लेजर रेडियल और पुरुष लेजर दोनों स्पर्धाओं की पदक रेस एक अगस्त को 10 रेस के बाद होंगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY