देश की खबरें | देशों, प्रौद्योगिकियों के बीच तालमेल से शून्य उत्सर्जन के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है: अमेरिका की ऊर्जा मंत्री

पणजी, 21 जुलाई अमेरिका की ऊर्जा मंत्री जेनिफर ग्रानहोम ने शुक्रवार को कहा कि उभरती प्रौद्योगिकियों के इस्तेमाल तथा एकजुट प्रयायों के जरिए शून्य (नेट जीरो) उत्सर्जन के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

ग्रानहोम ने जी-20 की स्वच्छ ऊर्जा पर 14वीं मंत्रिस्तरीय बैठक और आठवें ‘मिशन इनोवेशन’ की यहां आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए वैश्विक ऊर्जा के क्षेत्र में भारत के नेतृत्व के लिए उसकी सराहना की।

उन्होंने कहा, ‘‘शून्य उत्सर्जन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए उभरती प्रैद्योगिकियों का इस्तेमाल सर्वोपरि है। इसे हासिल करने का एकमात्र तरीका है समान लक्ष्य साझा करना और एकजुट होना।’’

उन्होंने स्वच्छ ऊर्जा समाधानों को अपनाने में तेजी लाने और जलवायु परिवर्तन की गंभीर चुनौती से निपटने के लिए राष्ट्रों के बीच बनाए गए सहयोगात्मक प्रयासों और साझेदारियों की सराहना की।

‘मिशन इनोवेशन’ के प्रमुख एलेनोर वेबस्टर ने कहा कि यह मिशन नीतियों के क्रियान्वयन के बारे में है। उन्होंने कहा कि चुनौती की गंभीरता को समझने के लिए वैश्विक स्तर पर सहयोग आवश्यक है।

ब्राजील के खान एवं ऊर्जा मंत्री एलेक्जेंडर सिल्वेरा डी ओलिवेरा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि उनका देश अगले साल जी20 की अध्यक्षता करेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)