एजेंसी न्यूज

NEET UG Paper Leak Case: नीट-स्नातक पर्चा लीक मामले CBI ने मुख्य आरोपी समेत दो और लोगों को गिरफ्तार किया

सीबीआई ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) पर्चा लीक मामले में एक प्रमुख आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने झारखंड के हजारीबाग में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के ट्रंक से कथित तौर पर प्रश्नपत्र चुराया था.

NEET UG Paper Leak Case: नीट-स्नातक पर्चा लीक मामले CBI ने मुख्य आरोपी समेत दो और लोगों को गिरफ्तार किया
(Photo Credits Twitter)

नयी दिल्ली, 16 जुलाई : सीबीआई ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) पर्चा लीक मामले में एक प्रमुख आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने झारखंड के हजारीबाग में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के ट्रंक से कथित तौर पर प्रश्नपत्र चुराया था. अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इन दो गिरफ्तारियों के साथ ही मेडिकल प्रवेश परीक्षा में लीक, प्रतिरूपण और अन्य अनियमितताओं से संबंधित मामलों में गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की कुल संख्या अब 14 हो गई है.

अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान जमशेदपुर के 2017 बैच के सिविल इंजीनियर पंकज कुमार उर्फ आदित्य को गिरफ्तार किया है, जिसने हजारीबाग में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के ट्रंक से नीट-यूजी का प्रश्नपत्र कथित तौर पर चुराया था. उन्होंने बताया कि बोकारो के रहने वाले कुमार को पटना से गिरफ्तार किया गया. उन्होंने बताया कि सीबीआई ने राजू सिंह नाम के एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है जिसने कथित तौर पर कुमार को प्रश्नपत्र चुराने और गिरोह के अन्य सदस्यों को देने में मदद की थी. सिंह को हजारीबाग से गिरफ्तार किया गया. यह भी पढ़ें : बीएमडब्ल्यू हिट एंड रन मामला : मुख्य आरोपी मिहिर शाह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया

मेडिकल प्रवेश परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही एजेंसी ने छह प्राथमिकी दर्ज की हैं. बिहार में दर्ज प्राथमिकी प्रश्नपत्र लीक होने से संबंधित है, जबकि गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र में दर्ज शेष प्राथमिकी अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा देने और धोखाधड़ी से संबंधित हैं. केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के संदर्भ पर एजेंसी की अपनी प्राथमिकी, परीक्षा में कथित अनियमितताओं की “व्यापक जांच” से संबंधित है. नीट-यूजी का आयोजन एनटीए द्वारा सरकारी और निजी संस्थानों में एमबीबीएस, बीडीएस, आयुष और अन्य संबंधित पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए किया जाता है. इस साल यह परीक्षा पांच मई को 571 शहरों के 4,750 केंद्रों पर आयोजित की गई थी, जिनमें 14 विदेशी शहर भी शामिल थे. इस परीक्षा में 23 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल हुए थे.

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 16, 2024 05:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).