देश की खबरें | केरल में नीट परीक्षा फर्जी प्रवेश पत्र मामले में अक्षय केंद्र का कर्मचारी गिरफ्तार

पथनमथिट्टा (केरल), पांच मई केरल पुलिस ने एक छात्र को फर्जी प्रवेश पत्र (हॉल टिकट) उपलब्ध कराकर उसे राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में बैठाने के आरोप में अक्षय केंद्र (सामान्य सेवा केंद्र) के एक कर्मचारी को सोमवार को हिरासत में लिया है।

नीट की परीक्षा पथनमथिट्टा के थैकवु विद्यालय में आयोजित की गई थी।

अधिकारियों के मुताबिक, परीक्षा समन्वयक की शिकायत के बाद रविवार को इस संबंध में मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि समन्वयक ने प्रवेश पत्र पर अंकित नाम, पते और परीक्षा केंद्र में विसंगतियां पाई थीं।

पुलिस ने बताया कि तिरुवनंतपुरम जिले के अक्षय केंद्र की कर्मचारी ग्रीष्मा ने फर्जी प्रवेश पत्र तैयार किया था। अक्षय केंद्र केरल में कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) हैं, जो सभी को सरकारी और अन्य आवश्यक सेवाएं प्रदान करता है।

पुलिस के अनुसार, जब छात्र पकड़ा गया तो उसने और उसकी मां ने पुलिस को बताया कि ग्रीष्मा ने उन्हें फर्जी प्रवेश पत्र उपलब्ध कराया था।

पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, छात्र की मां ने नीट परीक्षा के लिए आवेदन करने हेतु अक्षय केंद्र को 1,250 रुपये का भुगतान किया था।

पुलिस ने बताया कि आवेदन कभी जमा ही नहीं कराया गया। जब छात्र की मां ने प्रवेश पत्र मांगा तो ग्रीष्मा ने नकली प्रवेश पत्र बनाया और उसे व्हाट्सऐप के जरिए भेजा। छात्र ने फिर उसे डाउनलोड किया और अपनी मां के साथ पथानामथिट्टा गया।

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान ग्रीष्मा ने स्वीकार किया कि उसने फर्जी प्रवेश पत्र बनाया था।

पुलिस का मानना ​​है कि किसी अन्य छात्र को जारी किए गए असली प्रवेश पत्र के विवरण में फेरबदल करके यह फर्जी प्रवेश पत्र बनाया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)