पुलिस ने बताया कि शव बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात रेलवे स्टेशन के पास दिल्ली-मुंबई मार्ग की पटरी पर मिला। शव से मिले पहचान पत्र से उसकी पहचान बिहार के बक्सर निवासी हिमांशु सिंह राजपूत के रूप में हुई।
पुलिस ने बताया कि राजपूत नीट अभ्यर्थी था और कोटा के एक कोचिंग संस्थान में पढ़ रहा था।
राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के एक अधिकारी के मुताबिक, बुधवार रात को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में पढ़ रही राजपूत की प्रेमिका ने उसके दोस्तों को कथित तौर पर फोन कर चेतावनी दी कि वह (राजपूत) कुछ आत्मघाती कदम उठा सकता है। जब तक उसके दोस्त उसके कमरे पर पहुंचे, वह जा चुका था।
कोटा में पुलिस उपाधीक्षक (जीआरपी) शंकर लाल ने कहा कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और राजकीय रेलवे पुलिस मामले में प्रेम संबंध की जांच करेगी।
जीआरपी के अधिकारी ईश्वर सिंह ने बताया कि राजपूत मंगलवार को ही घर से पेइंग गेस्ट (पीजी) लौटा था और उसके परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह परेशान नहीं लग रहा था।
परिजनों ने इसे हादसा बताते हुए पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY