देश की खबरें | एनडीटीएल अब पूरी तरह वाडा के अनुरूप, निलंबन हटाने का आग्रह करते हैं : रीजीजू
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, नौ सितंबर खेल मंत्री किरेन रीजीजू ने राष्ट्रीय डोप परीक्षण प्रयोगशाला (एनडीटीएल) को पूरी तरह से विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) के मानदंडों के अनुरूप करार देते हुए वैश्विक एजेंसी से इस प्रयोगशाला पर चल रहा निलंबन हटाने का आग्रह किया।

एनडीटीएल को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप नहीं होने के कारण पिछले साल अगस्त में निलंबित कर दिया गया था। जुलाई में वाडा ने एनडीटीएल का निलंबन छह महीने के लिये बढ़ा दिया था।

यह भी पढ़े | Bihar Assembly Election 2020: बिहार विधानसभा चुनाव में भीम आर्मी पार्टी देगी दस्तक, अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने नीतीश सरकार पर बोला हल्ला.

रीजीजू ने वाडा अध्यक्ष विटोल्ड बांका के साथ मंगलवार को ऑनलाइन बैठक की थी।

खेल मंत्री ने यहां जारी बयान में कहा, ‘‘मुझे सूचित किया गया है कि एनडीटीएल ने वाडा की समयसीमा के तहत सभी 47 सुधारों की रिपोर्ट वाडा को सौंप दी है। इसके अलावा वाडा कार्यकारी समिति ने जिन 13 बिंदुओं के बारे में बताया था उन पर भी अनुपालन रिपोर्ट भेजी गयी है। ’’

यह भी पढ़े | Congress Attacks on Modi Govt: कांग्रेस ने बीजेपी पर लगाया अनौपचारिक क्षेत्र को बर्बाद करने का आरोप, कहा- 40 करोड़ कामगार गरीबी के मुहाने पर है.

उन्होंने कहा, ‘‘इसके साथ ही एनडीटीएल वाडा और प्रयोगशालाओं के लिये अंतरराष्ट्रीय मानदंडों की सभी शर्तों को पूरा करती है। मैं आपसे प्रक्रिया में तेजी लाने एनडीटीएल पर लगाया गया वाडा का निलंबन हटाने का अनुरोध करता हूं। ’’

रीजीजू ने वाडा टीम से एनडीटीएल का दौरा करने का भी आग्रह किया।

उन्होंने कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय यात्राओं की अनुमति मिलने के बाद मैं वाडा टीम से आग्रह करूंगा कि वे एनडीटीएल का दौरा करके जांच करें कि इसमें सभी कार्य वाडा की शर्तों के अनुरूप किये गये हैं। अगर किसी तरह के सुधार की जरूरत होगी तो हम वैसा करेंगे। ’’

निलंबन के कारण एनडीटीएल डोपिंग रोधी गतिविधियों को संचालन नहीं कर पा रहा है जिसमें मूत्र और रक्त नमूनों का परीक्षण भी शामिल है। अभी राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) जिन नमूनों को एकत्रित करती है उन्हें परीक्षण के लिये दोहा स्थित वाडा से मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में भेजा जाता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)