देश की खबरें | एनडीएमसी ने बाढ़ से पीड़ित 100 परिवारों को राशन बांटा

नयी दिल्ली, 18 जुलाई नयी दिल्ली नगर पालिका परिषद(एनडीएमसी) ने मंगलवार को यमुना नदी के किनारे रहने वाले किसानों और मछुवारों को राशन बांटा जिन्होंने हाल ही में आई बाढ़ में अपनी आजीविका खो दी।

इसका आयोजन उमा निरंजन फाउंडेशन की मदद से किया गया।

एनडीएमसी उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने कहा कि करीब 100 पीड़ित परिवारों को 1,300 किलोग्राम राशन बांटा गया।

उपाध्याय ने इस आपदा की घड़ी में मदद और समर्थन की जरूरत पर जोर देते हुए बताया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को राशन बांटा गया जो ''डीएनडी फ्लाईवे के नीचे खेती और मछली पकड़कर आजीविका चलाते थे।''

साथ ही उन्होंने चिंता जताई कि दिल्ली सरकार की ओर से मदद अभी तक प्रभावितों तक नहीं पहुंची है।

उपाध्याय ने कहा,'' करुणा का यह भाव ने केवल प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करता है बल्कि दूसरे के लिए भी आगे आकर समाज के कल्याण में योगदान करने के लिए एक मजबूत उदाहरण स्थापित करता है।''

राष्ट्रीय राजधानी में बीते सप्ताह यमुना नदी के जलस्तर के रिकॉर्ड उच्चतम स्तर पर पहुंच जाने से गंभीर बाढ़ जैसी स्थिति बन गई थी। शहर के कई हिस्सें जलमग्न हो गए थे।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, शहर के निचले इलाकों से करीब 26,784 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया जिनमें से 18,416 लोग 47 राहत शिविरों में रह रहे हैं। वहीं, अन्य लोगों को उनके बताए गए स्थानों पर पहुंचा दिया गया।

यमुना का जलस्तर मंगलवार को शाम पांच बजे 205.43 मीटर पर था। हालांकि यह अभी भी खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर बह रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)