सासाराम/नबीनगर (बिहार), 22 अक्टूबर रक्षा मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के दो तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाने का भरोसा जताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि गठबंधन ने राज्य में 15 सालों के शासन में अपने लगभग सभी वादों को पूरा किया है।
बिहार के बाढ़ (पटना के पास), नोखा (रोहतास), नबीनगर (औरंगाबाद) में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रत्येक घर में बिजली पहुंचने के साथ ' लालटेन का युग' समाप्त हो गया है।
लालटेन राजद का चुनाव चिह्न है। बिहार में राजग गठबंधन के तहत भाजपा, जदयू, हम और विकासशील इंसान पार्टी के प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
रक्षा मंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत का मस्तक ऊंचा हुआ है तो इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है जिन्होंने गांव, गरीब और किसान की चिंता की है।
किसानों के कल्याण के कार्यों का जिक्र करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा, ''केंद्र सरकार ने हाल ही में तीन कृषि विधेयक पारित किए हैं और इससे किसानों की आमदनी बढ़ेगी। किसान सम्मान निधि के अंतर्गत देश के हर किसान को छह हजार रुपये वार्षिक सहायता के रूप में दिए जा रहे हैं। अब केंद्र की योजनाओं का पैसा सीधे जनता के पास जा रहा है।''
उन्होंने कहा, ‘‘ किसान का बेटा होने के नाते आपको विश्वास दिलाना चाहता हूं कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) जारी रहेगा । ’’
उन्होंने कहा, ‘‘ 15 सालों के शासन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी ने अधिकांश वादों को पूरा किया है। राजग की सरकार ही बिहार की जनता के लिए सर्वोत्तम विकल्प है। राजग फिर दो तिहार बहुमत के साथ राज्य में सरकार बनाने जा रहा है। ’’
बिहार विधान सभा में 243 सीटें हैं।
सिंह ने कहा ‘‘हमारे प्रधानमंत्री जी का सीना 56 इंच का है और जोखिम उठाने की क्षमता है।’’
रक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘आतंकवाद के खिलाफ पुरज़ोर लड़ाई चल रही है और आतंकवाद का सफ़ाया होकर रहेगा। हम जो वादा करते हैं, उसे पूरा करते हैं। हमने धारा 370 हटा दी और भव्य राम मंदिर का निर्माण जारी है।’’
सासाराम के नसरीगंज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित रैली में राजनाथ सिंह ने कहा, '' बिहार के लोगों को लगता था कि उन्हें कभी बिजली नहीं मिलेगी लेकिन नीतीश जी बिजली लाए और लालटेन युग का अंत किया।''
उन्होंने कहा, '' लालटेन टूट चुकी है और इसका तेल जमीन पर फैल चुका है। पंजा (कांग्रेस का चुनाव चिन्ह) भी विफल हो चुका है और उनका खेल खत्म हो गया है।''
उन्होंने कहा कि पिछले 15 सालों में बिहार में बड़े पैमाने पर बदलाव आया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY