देश की खबरें | राकांपा(एसपी) विधायक आव्हाड हथकड़ी पहन विधानसभा पहुंचे, अमेरिका से निर्वासन का मुद्दा उठाया

मुंबई, तीन मार्च राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार)के विधायक जितेंद्र आव्हाड सोमवार को महाराष्ट्र विधानमंडल के बजट सत्र के पहले दिन विधान भवन परिसर में हथकड़ी पहनकर पहुंचे।

उन्होंने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर कथित तौर पर बढ़ते हमले को रेखांकित किया और अमेरिका से गैर कानूनी प्रवासियों को वापस भेजे जाने का विरोध किया।

पूर्व राज्य मंत्री ने निर्वासन के दौरान अमेरिकी अधिकारियों द्वारा अवैध भारतीयों के साथ किए गए व्यवहार की आलोचना की।

आव्हाड ने दक्षिण मुंबई स्थित विधान भवन परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया, ‘‘इस देश में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बढ़ रहा है। बोलने वाले कार्यकर्ताओं और व्यक्तियों को आपराधिक मामलों में फंसाकर चुप कराया जा रहा है। अभिव्यक्ति का हमारा संवैधानिक अधिकार खतरे में है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता एक मौलिक अधिकार है और हर किसी को बोलने का अधिकार होना चाहिए।’’

विपक्षी विधायक ने अमेरिका की वीजा नीतियों की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि इससे कई भारतीयों का जीवन बर्बाद हो गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रतिबंधात्मक वीजा नियम परिवारों को तोड़ रहे हैं। हाल में, हमने देखा कि बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासियों को विमानों में ठूंसकर निर्वासित किया जा रहा है, उन्हें बेड़ियां लगाई जा रही हैं और उनके साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया जा रहा है। उनमें से कई को उचित शौचालय सुविधाओं के बिना और खाली पेट लंबी उड़ानें भरने के लिए मजबूर होना पड़ा। यह एक अमानवीय कृत्य है और हमारे लोगों का अपमान है। महाराष्ट्र के कई परिवार प्रभावित हुए और अमेरिका में भविष्य बनाने की आकांक्षा रखने वाले युवा भारतीयों के सपने चकनाचूर हो गए।’’

आव्हाड ने चेतावनी दी कि इस तरह के अन्याय के खिलाफ आवाज नहीं उठाना भारत के लिए हानिकारक होगा।

आव्हाड ने कहा कि यह साबित हो गया है कि राज्य के मंत्री धनंजय मुंडे के करीबी सहयोगी वाल्मिक कराड सरपंच संतोष देशमुख हत्या मामले में आरोपी हैं।

उन्होंने मुंडे पर निशाना साधते हुए सवाल किया, ‘‘जब आपका करीबी सहयोगी क्रूर और अमानवीय हो तो क्या कोई नैतिकता और आचरण बचा रह जाता है?’’

पिछले साल नौ दिसंबर को बीड जिले में मसाजोग गांव के सरपंच देशमुख का अपहरण कर उनकी निर्मम हत्या कर दी गई थी। यह कृत्य तब अंजाम दिया गया था जब उन्होंने एक ऊर्जा कंपनी से जबरन वसूली को रोकने की कोशिश की थी।

राकांपा के राज्य प्रवक्ता आनंद परांजपे ने हथकड़ी पहनकर विधानसभा परिसर आने के आव्हाड के कदम को ‘हथकंडा’ करार दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)