India Stats In T20 World Cup Knockout Matches: नॉकआउट मैचों में कैसा रहा है टीम इंडिया का प्रदर्शन? यहां देखें टी20 वर्ल्ड कप में भारत के चौंकाने वाले आंकड़े
भारत बनाम न्यूजीलैंड (Photo Credit: X Formerly Twitter)

Indian National Cricket Team vs New Zealand National Cricket Team, ICC T20 World Cup 2026 Final Match: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला आज यानी 8 मार्च को भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनाम न्यूजीलैंड राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के बीच खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला अहमदाबाद (Ahmedabad) के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) में भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे से खेला जाएगा. यह मुकाबला टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मैच है, जहां जीतने वाली टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी अपने नाम करेगी. टीम इंडिया की कमान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) के हाथों में है. जबकि न्यूजीलैंड की कप्तानी मिचेल सैंटनर (Mitchell Santner) कर रहे हैं. यह भी पढ़ें: India vs New Zealand, T20 World Cup 2026 Final Ahmedabad Weather Update: भारत बनाम न्यूजीलैंड फाइनल में बारिश डालेगी खलल या फैंस उठाएंगे पूरे मैच का लुफ्त? यहां जानें अहमदाबाद के मौसम का हाल

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत की भिड़ंत न्यूजीलैंड से 8 मार्च को होगी. खिताबी मुकाबले की मेजबानी अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम करेगा. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम इतिहास रचने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. चलिए आपको बताते हैं कि टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैचों में भारतीय टीम का ओवरऑल रिकॉर्ड कैसा रहा है.

आईसीसी टी20 विश्व कप के नॉकआउट में भारत का रिकॉर्ड शानदार रहा है. टीम इंडिया ने नॉकआउट में अब तक कुल 8 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से 5 में टीम को जीत नसीब हुई है, जबकि 3 में भारतीय टीम को हार झेलनी पड़ी है. टी20 विश्व कप 2007 में टीम इंडिया ने सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले को जीतकर ट्रॉफी को अपने नाम किया था.

वहीं, भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप 2014 के सेमीफाइनल मुकाबले को जीतने में सफल रही थी, लेकिन फाइनल में टीम इंडिया को श्रीलंका के हाथों हार झेलनी पड़ी थी. साल 2016 में वेस्टइंडीज ने सेमीफाइनल में भारतीय टीम को हराया था, तो टी20 विश्व कप 2022 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने टीम इंडिया के सफर पर ब्रेक लगाया था. हालांकि, टी20 विश्व कप 2024 के सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने इंग्लैंड और फिर फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराते हुए दूसरी बार टी-20 विश्व कप का खिताब जीता था.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भारतीय टीम इंग्लैंड को हराकर फाइनल में पहुंची है. हालांकि, इस टूर्नामेंट के इतिहास में भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ आज तक जीत नसीब नहीं हुई है. दोनों टीमों के बीच कुल 3 मुकाबले खेले गए हैं और सभी में जीत कीवी टीम के हाथ लगी है. हालांकि, क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया का पलड़ा भारी रहा है. भारत और न्यूजीलैंड ने कुल मिलाकर 30 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें से भारत ने 16 मुकाबले जीते हैं, जबकि कीवी टीम ने 11 मैचों में जीत दर्ज की है.

तीनों फॉर्मेट को मिलाकर आईसीसी टूर्नामेंट्स में सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने के मामले में टीम इंडिया दूसरे नंबर पर है. भारत ने 183 मुकाबलों में से 121 में जीत हासिल की है. इस लिस्ट में भारत से आगे सिर्फ ऑस्ट्रेलिया है, जिसने 180 मैचों में 122 मैच जीते हैं.

नोट: भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनाम न्यूजीलैंड राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के इस फाइनल मुकाबले का स्कोरकार्ड आप हमारे वेबसाइट पर भी देख सकते हैं.