देश की खबरें | एनसीबी जांच : रिया, शौविक ने उच्च न्यायालय में जमानत याचिका दायर की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में मादक पदार्थ के कोण की जांच कर रहे नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा गिरफ्तार अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती और उसके भाई शौविक चक्रवर्ती ने मंगलवार को मुंबई उच्च न्यायालय में जमानत के लिये याचिका दायर की।
मुंबई, 22 सितंबर अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में मादक पदार्थ के कोण की जांच कर रहे नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा गिरफ्तार अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती और उसके भाई शौविक चक्रवर्ती ने मंगलवार को मुंबई उच्च न्यायालय में जमानत के लिये याचिका दायर की।
उनके वकील सतीश मानशिंदे ने कहा कि न्यायमूर्ति सारंग कोतवाल की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष यह याचिका सुनवाई के लिये बुधवार को आएगी।
यह भी पढ़े | राजस्थान रॉयल्स की टीम होटल से स्टेडियम के लिए हुई रवाना: 22 सितंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने नौ सितंबर को रिया चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया था।
उधर, विशेष एनडीपीएस अदालत ने यहां रिया की जमानत याचिका खारिज कर दी और उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
विशेष अदालत ने मंगलवार को अभिनेत्री की न्यायिक हिरासत की अवधि छह अक्टूबर तक बढ़ा दी है।
राजपूत के सहायक सैमुअल मिरांडा के साथ एनसीबी ने शौविक को पांच सितंबर को दिवंगत अभिनेता के लिये मादक द्रव्य हासिल करने और उसके लिये पैसे देने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
विशेष अदालत ने 11 सितंबर को शौविक, मिरांडा और मामले के अन्य आरोपियों द्वारा दायर जमानत याचिका को खारिज कर दिया था।
बाद में मिरांडा, राजपूत के निजी सहायक दीपेश सावंत और कथित ड्रग डीलर अबु बासित परिहार ने जमानत के लिये उच्च न्यायालय का रुख किया था।
न्यायमूर्ति कोतवाल ने पिछले हफ्ते उनकी जमानत पर सुनवाई की थी।
उनकी याचिकाओं पर अगली सुनवाई 29 सितंबर को होनी है।
रिया चक्रवर्ती की जमानत याचिका खारिज करते हुए विशेष अदालत ने कहा था कि वह उन लोगों को “सतर्क” कर सकती है, जिनका नाम उसने एनसीबी के समक्ष दिये बयान में लिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)