देश की खबरें | राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार 2021: आलिया भट्ट, कृति सैनन, भंसाली और अन्य ने पुरस्कार जीतने पर खुशी जताई

मुंबई, 24 अगस्त 'गंगूबाई काठियावाड़ी' फिल्म के निर्माता संजय लीला भंसाली और इसकी अभिनेत्री आलिया भट्ट, 'मिमी' की अभिनेत्री कृति सैनन के साथ-साथ 'सरदार उधम' के निर्देशक शूजीत सरकार ने 69वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीतने पर बृहस्पतिवार को खुशी व्यक्त की।

बॉलीवुड कलाकार भट्ट और सैनन ने क्रमश: ‘‘गंगूबाई काठियावाड़ी’’ और ‘‘मिमी’’ में अपनी भूमिकाओं के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार साझा किया।

भट्ट ने अपने पुरस्कार को भंसाली, फिल्म की टीम, अपने परिवार, अपनी टीम और दर्शकों को समर्पित किया।

उन्होंने ‘इंस्टाग्राम’ पर पोस्ट किया, “ यह राष्ट्रीय पुरस्कार आपका है.. क्योंकि आप सबके बिना यह कुछ भी संभव नहीं होता। मैं बहुत आभारी हूं। मैं ऐसे क्षणों को हल्के में नहीं लेती हूं। मुझे उम्मीद है कि मैं जब तक संभव हो मनोरंजन करती रहूंगी।”

उन्होंने उनके साथ सर्वेश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार साझा करने वाली सैनन की भी सराहना की और कहा कि 'मिमी' की अभिनेत्री इसकी हकदार हैं।

भट्ट ने कहा, “ कृति.. मुझे याद है कि जिस दिन मैंने ‘मिमी’ देखी थी, उस दिन मैंने आपको संदेश भेजा था... यह काफी प्रभावशाली प्रदर्शन था, मैं रोई। आप इसकी बहुत हकदार हैं।”

सैनन ने कहा कि राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जूरी द्वारा सम्मानित किया जाना उनके लिए एक काफी अहम है।

सैनन ने पीटीआई- से कहा, ''यह फिल्म अब मेरी फिल्मों की सूची में एक विशेष स्थान रखेगी।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)