भोपाल, 31 मार्च मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को कहा कि नर्मदा नदी ने उनके राज्य (मध्यप्रदेश) और गुजरात को समृद्ध राज्य बनाने में अहम भूमिका निभाई है।
उन्होंने भारत और विश्व स्तर पर व्यवसाय खड़ा करने के लिए गुजराती समुदाय की उद्यमशीलता की भावना की भी सराहना की।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के कई शहरों में बड़ी संख्या में गुजराती भाई रहते हैं तथा नर्मदा मैया (नदी) ने दोनों राज्यों को समृद्ध बनाने में अहम भूमिका निभाई है।
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और राज्य के गृह मंत्री हर्ष संघवी का यहां हवाई अड्डे पर स्वागत करते हुए यादव ने कहा, ‘‘गुजराती समुदाय के उद्यमियों और पेशेवरों ने गुजरात, अन्य राज्यों और देशों में कड़ी मेहनत करके अपने लिए जगह बनाई है।’’
नर्मदा नदी मध्यप्रदेश और गुजरात से होकर बहती है।
पटेल और संघवी ‘‘सदाकाल गुजरात-भोपाल’’ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भोपाल पहुंचे। गुजरात के मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात और मध्य प्रदेश के बीच सहयोग की मजबूत परंपरा रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘कार्यक्रम के जरिए इन संबंधों में नया आयाम जुड़ रहा है।’’
यादव ने अतिथि नेताओं को राजा भोज की प्रतिमा भेंट की। गुजरात से बाहर रहने वाले गुजराती लोगों के योगदान को सम्मानित करने के लिए सदाकाल गुजरात-भोपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश की गयीं और लोगों ने गुजराती व्यंजनों का आनंद लिया। गुजरात सरकार द्वारा गुजरात राज्य अप्रवासी गुजराती फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में गुजरात के कई मंदिरों के डिजिटल दर्शन की भी व्यवस्था की गई।
यादव और पटेल ने ‘स्टेट हैंगर’ में आम का पौधा भी लगाया।
दिमो
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY