देश की खबरें | नड्डा ने कांग्रेस, लालू पर राम मंदिर मामले में बाधा डालने का आरोप लगाया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शनिवार को यहां एक चुनावी रैली में राम मंदिर का मुद्दा उठाते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद और कांग्रेस पर इसमें बाधा डालने का आरोप लगाया।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

सोनपुर(बिहार), 30 अक्टूबर भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शनिवार को यहां एक चुनावी रैली में राम मंदिर का मुद्दा उठाते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद और कांग्रेस पर इसमें बाधा डालने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के दोबारा आने पर इस विषय की उच्चतम न्यायालय में प्रतिदिन के आधार पर सुनवाई हुई और न्यायालय का फैसला आने के बाद अब अयोध्या(उत्तर प्रदेश) में भव्य राम मंदिर का निर्माण होने जा रहा है।

यह भी पढ़े | Maharashtra: जस्टिस शरद अरविंद बोबड़े ने ई-संसाधन केंद्र ‘न्याय कौशल’ का किया उद्घाटन, देश भर में किसी भी कोर्ट में कर सकते हैं ऑनलाइन फाइलिंग.

नड्डा ने सोनपुर में लालू प्रसाद पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘ राम जन्मभूमि के लिये करोड़ों लोग लगे। लेकिन जब आडवाणी जी की राम रथयात्रा निकली थी, तो यहीं बिहार की धरती पर लालू यादव ने उस रामरथ को रोका था और यहीं के राम भक्तों ने उस यात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था।’’

भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस पर भी प्रहार करते हुए कहा कि राम मंदिर के मामले में एक पक्ष के वकील कपिल सिब्बल ने उच्चतम न्यायालय में इस मामले को लटकाने का प्रयास किया।

यह भी पढ़े | लद्दाख बीजेपी के नए अध्यक्ष व स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद के उप अध्यक्ष के रूप में चुने जाने पर Tashi Gyalson और Tsering Angchuk को जेपी नड्डा ने दी बधाई: 31 अक्टूबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

उन्होंने कहा, ‘‘देश के सभी लोग चाहते थे कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर बने। कांग्रेस ने इसे लटकाने, अटकाने और भटकाने का काम किया।’’

बिहार में विपक्षी महागठबंधन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘‘ राष्ट्रीय जनता दल अराजकता वाली पार्टी है। भाकपा-माले समाज में विध्वंस फैलाती है। कांग्रेस पार्टी देश विरोधी है। यह है बिहार में महागठबंधन। यह महागठबंधन बिहार में विकास नहीं कर सकता।’’

नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी दिन-रात चीन की बात करते हैं, लेकिन राजीव गांधी फाउंडेशन के लिए चीन से पैसा लेकर वह राष्ट्रभक्त बन रहे हैं।

उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके बेटे राहुल पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘ मैंने आरोप लगाया कि राजीव गांधी फाउंडेशन ने चीन से जो पैसे लिए, उसका जवाब दो, आज तक मां-बेटे ने कोई जवाब नहीं दिया।’’

भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पुलवामा आतंकी हमले में पाकिस्तान का हाथ होने की बात पड़ोसी देश के मंत्री ने स्वीकार की, लेकिन कांग्रेस, राहुल गांधी इस बारे में पहले सबूत मांग रहे थे।

नड्डा ने कहा कि पूर्ववर्ती राज्य जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 समाप्त करने के केंद्र के फैसले पर राहुल के बयान को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री संयुक्त राष्ट्र में उद्धृत करते हैं।

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की एक गगनचुंबी प्रतिमा का निर्माण (गुजरात में) भाजपा सरकार ने कराया है, जहां लाखों श्रद्धालु जाकर श्रद्धांजलि देते हैं, लेकिन कांग्रेस के नेता वहां नहीं जाते हैं।

विपक्षी दल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आज जब 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की जयंती है, तो कांग्रेस के लोग धरना दे रहे हैं।

राजद सहित महागठबंधन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ‘तेल पिलावन, डंडा भजावन’’ वाले लोगों ने पहले भी मौका मिलने पर कुछ नहीं किया और आगे भी कुछ नहीं करेंगे।

राजद नेता तेजस्वी यादव द्वारा महागठबंधन के सत्ता में आने के बाद युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा किए जाने पर तंज करते हुए नड्डा ने कहा, ‘‘ बिहार से लोगों को पलायन करने को मजबूर करने वाले क्या रोजगार देंगे ?’’

नड्डा ने कहा कि पिछला चुनाव (मुख्यमंत्री) नीतीश कुमार जी ने लालू जी के साथ महागठबंधन के तहत लड़ा था।

उन्होंने सवाल किया, ‘‘ महागठबंधन क्यों टूटा? महागठबंधन इसलिए टूटा कि नीतीश जी समझ गए थे कि उनका सुशासन इन कुशासन वालों के साथ नहीं चल सकता है।’’

नड्डा ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज के तहत करीब 1.70 लाख करोड़ रुपये देकर मार्च से लेकर छठ और दीवाली तक 80 करोड़ गरीबों को 5 किग्रा गेहूं या चावल और 1 किग्रा दाल मुफ्त दी जा रही है।

नड्डा ने कहा कि किसान सम्मान निधि योजना के तहत 8.56 करोड़ किसानों को 2-2 हजार रुपये दिए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सरकार ने बिहार के लिए 3 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा कृषि क्षेत्र के लिए, 1 हजार करोड़ रुपये शिक्षा क्षेत्र के लिए, 600 करोड़ रुपये स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए दिए हैं। इसके अलावा 1200 करोड़ रुपये एम्स के लिए और 11 मेडिकल कॉलेजों के लिए 500-500 करोड़ रुपये अलग से स्वीकृत किए गए हैं।’’

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि छपरा में विश्वस्तरीय मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा।

दीपक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

MI vs RCB, IPL 2026 20th Match Live Toss And Scorecard: वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी करने का किया फैसला; यहां देखें दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन और लाइव स्कोरकार्ड

LSG vs GT, IPL 2026 19th Match Scorecard: गुजरात टाइटंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हराया, जोस बटलर और शुभमन गिल ने खेली शानदार पारियां; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite: वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच रोमांचक मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट

MI vs RCB, IPL 2026 20th Match Toss Winner Prediction: वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच कौन होगा टॉस का बॉस? मैच से पहले जानें किस टीम के पक्ष में जा सकता है टॉस