देश की खबरें | एमवीए ने योगी पर मुंबई में रोड शो करने पर निशाना साधा

मुंबई, पांच जनवरी महाराष्ट्र के विपक्षी गठबंधन ने निवेश आकर्षित करने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मुंबई यात्रा को लेकर उन पर निशाना साधा और कहा कि अगर वह पश्चिमी राज्य से उद्योग ‘छीनते’ हैं तो इस पर आपत्ति होगी।

मुख्यमंत्री ने बृहस्पतिवार को शहर में एक रोड शो किया और लखनऊ में 10-12 फरवरी तक होने वाले तीन दिवसीय 'यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर समिट' के दौरान उद्योगपतियों और उद्यमियों को उत्तरी राज्य की यात्रा के लिए आमंत्रित किया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता निवेश सम्मेलन का प्रचार करने के लिए आठ राज्यों की यात्रा कर रहे हैं, जिसमें मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई जैसे बड़े शहर शामिल हैं।

देश की आर्थिक राजधानी में योगी के रोडशो के बाद महाराष्ट्र में विपक्ष और सत्तारूढ़ भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गये।

विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाड़ी (एमवीए) ने भाजपा नेता को यात्रा के दौरान राजनीति से बचने की सलाह दी। एमवीए में कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) शामिल हैं।

शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख नेता संजय राउत ने मुंबई में रोड शो करने पर सवाल उठाए।

राज्यसभा सदस्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री उद्योगपतियों के साथ विचार-विमर्श कर सकते हैं, लेकिन उन्हें अपनी यात्रा के दौरान राजनीति करने से बचना चाहिए।

उन्होंने कहा, “मैंने कल कहा था कि अगर वह अपने राज्य की प्रगति के लिए उद्योगपतियों से मिलने आए हैं, तो इसमें कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन हमसे (महाराष्ट्र से) उद्योग छिनने पर आपत्ति होगी।”

राउत ने पूछा, “ अगर वे निवेश के लिए रोड शो कर रहे हैं तो हैरानी होती है। इसकी क्या जरूरत है? आप राजनीति करने आए हैं या अपने राज्य के विकास के लिए मुंबई से मदद लेने आए हैं?”

महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता अतुल लोंढे ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश आकर्षित करने में सबसे बड़ी बाधा राज्य में आदित्यनाथ द्वारा बनाया गया "माहौल" है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश तभी संभव होगा, जब वह देश के सबसे अधिक आबादी वाले राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति सुधारने पर काम करेंगे।

लोंढे ने कहा, “आप धार्मिक तनाव भड़काते हैं और जातियों के आधार पर मतभेद पैदा करते हैं। कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। तो कोई उद्योग उत्तर प्रदेश में क्यों आए? सबसे बड़ी बाधा वह माहौल है जो आपने (आदित्यनाथ ने) बनाया है।”

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रवक्ता क्लाईड क्रास्टो ने पूछा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस कब उत्तर प्रदेश या गुजरात जाएंगे और वहां के लोगों से कहेंगे कि "अपने राज्य में सपना देखें, लेकिन इसे महाराष्ट्र में निवेश के रूप में साकार करें?"

विपक्ष के हमले पर पलटवार करते हुए भाजपा नेता फडणवीस ने कहा कि कोई भी महाराष्ट्र से कारोबार नहीं छीन सकता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)