देश की खबरें | 'अगवा' लड़की के साथ मुंबई रेलवे स्टेशन पर पकड़े जाने पर मुस्लिम किशोर की पिटाई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुंबई के बांद्रा रेलवे स्टेशन पर हिंदू लड़की के साथ पकड़े जाने पर लोगों के एक समूह ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगाते हुए एक मुस्लिम लड़के की कथित तौर पर पिटाई कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

मुंबई, 16 अगस्त मुंबई के बांद्रा रेलवे स्टेशन पर हिंदू लड़की के साथ पकड़े जाने पर लोगों के एक समूह ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगाते हुए एक मुस्लिम लड़के की कथित तौर पर पिटाई कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना 21 जुलाई की है, लेकिन इस घटना का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला सामने आया।

पुलिस ने कहा कि इस घटना के संबंध में अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।

वहीं, लड़के की पिटाई करने वाले लोगों ने दावा किया कि उसने लड़की का अपहरण कर लिया था।

पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, 16 वर्षीय लड़का और 17 वर्षीय लड़की दोनों ही ठाणे जिले के अंबरनाथ इलाके के रहने वाले हैं।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘यह घटना 21 जुलाई की है, जब मुस्लिम लड़के और हिंदू लड़की को लोगों के एक समूह ने रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया। लड़की (17) के परिवार ने पहले अंबरनाथ में उसके अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। यह पता चलने पर कि लड़का और लड़की बांद्रा रेलवे स्टेशन पर इंतजार कर रहे हैं, करीब एक दर्जन लोग मौके पर पहुंचे और 'जय श्री राम' के नारों के बीच लड़के के साथ मारपीट शुरू कर दी।’’

उन्होंने बताया कि लड़के की पिटाई करते हुए लोगों ने उसके बाल खींचकर उसे रेलवे स्टेशन से बाहर भी धकेला।

पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने कहा, ‘‘मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस घटना को अपने मोबाइल फोन से फिल्मा लिया और यह वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद स्थानीय पुलिस के साथ-साथ राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) भी हरकत में आई और जांच शुरू की गयी।’’

उन्होंने बताया कि लड़के पर हमला करने के बाद समूह के सदस्य उसे बांद्रा पूर्व स्थित निर्मल नगर पुलिस थाने ले गए। लेकिन, लड़की के अपहरण का मामला अंबरनाथ में दर्ज होने के कारण उसे वहां की पुलिस को सौंप दिया गया।

निर्मल नगर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा कि चूंकि मारपीट की घटना रेलवे स्टेशन परिसर में हुई थी, इसलिए जांच के लिए जीआरपी को इसकी सूचना दी गई थी।

जीआरपी की बांद्रा इकाई के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने लड़के की पहचान कर ली है और उसके परिवार के सदस्यों से संपर्क किया है। हमने लड़के के परिवार से उन लोगों के खिलाफ हमारे पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराने को कहा है, जिन्होंने उस पर हमला किया ताकि हम मामला दर्ज कर सकें और जांच शुरू कर सकें।’’

उन्होंने कहा कि लड़के के साथ मारपीट करने वाले लोगों की पहचान वीडियो में आसानी से की जा सकती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\