देश की खबरें | राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन मांगने के लिए मुर्मू मंगलवार को बंगाल के भाजपा सांसदों से मिलेंगीं

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति पद के चुनाव के मद्देनज़र मंगलवार को पश्चिम बंगाल के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसदों और विधायकों से मुलाकात करेंगी।

कोलकाता, 11 जुलाई राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति पद के चुनाव के मद्देनज़र मंगलवार को पश्चिम बंगाल के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसदों और विधायकों से मुलाकात करेंगी।

सांसदों का समर्थन हासिल करने के लिए मुर्मू विभिन्न राज्यों का दौरा कर रहीं हैं। भाजपा सूत्रों ने बताया कि वह सोमवार की शाम करीब सात बजे कोलकाता पहुंचेंगी।

भाजपा के एक नेता ने बताया, ''12 जुलाई की सुबह वह सबसे पहले शहर में स्वामी विवेकानंद के पैतृक घर जाएंगी। फिर वह सुबह करीब 10 बजे एक होटल में भाजपा सांसदों से मिलेंगी।''

बता दें कि मुर्मू का नौ जुलाई को कोलकाता जाने का कार्यक्रम था, लेकिन जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के सम्मान में घोषित एक दिवसीय राष्ट्रीय शोक के मद्देनजर इसे रद्द कर दिया गया।

पूर्व प्रधानमंत्री, 67 वर्षीय आबे की आठ जुलाई को जापान के एक पश्चिमी शहर नारा में अपनी पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करते समय गोली मार कर हत्या कर दी गई थी।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हाल ही में कहा था कि ओडिशा की एक आदिवासी भाजपा नेता मुर्मू राष्ट्रपति पद के लिए आम सहमति की उम्मीदवार हो सकती थीं, अगर भाजपा ने उन्हें मैदान में उतारने से पहले विपक्षी दलों के साथ चर्चा की होती।

कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सहित गैर-भाजपा दलों ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को संयुक्त उम्मीदवार के रूप में नामित किया है।

पश्चिम बंगाल में भाजपा के 17 लोगसभा सांसद हैं। इनमें से अर्जुन सिंह तृणमूल कांग्रेस में चले गए हैं लेकिन उन्होंने बतौर सांसद इस्तीफा नहीं दिया है।

राज्य विधानसभा में भाजपा के 75 विधायक हैं। इनमें से पांच तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए हैं लेकिन उन्होंने भी बतौर विधायक इस्तीफा नहीं दिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\