देश की खबरें | अमरोहा में दलित महिला और उसकी नाबालिग बेटी की हत्या

अमरोहा(उप्र), 18 सितंबर उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के गजरौला थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह एक दलित महिला और उसकी नाबालिग बेटी की पत्थर से कुचलकर हत्या किये जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार गजरौला थाना क्षेत्र के कांकाठेर में एक दलित विधवा महिला मनीषा (32) अपनी बेटी ईशा (13) के साथ रहती थी। उनके अनुसार उसके पति पवन का निधन कुछ साल पहले हो गया था। उन्होंने बताया कि उसका बेटा मानविक (14) अपनी नानी के घर में रहता था।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण कुमार ने बताया कि दूध वाले ने आज सुबह दरवाजा खोला तो देखा कि मां-बेटी एक चारपाई पर पड़ी हैं और उनका सिर खून से लथपथ हैं। उन्होंने बताया कि कुछ ही देर में वहां ग्रामीण जमा हो गये और सूचना पर पुलिस भी पहुंच गयी।

सीओ ने बताया कि शव के पास पत्थर का टुकड़ा मिला है। उन्‍होंने बताया कि मृतका के मायके वालों ने उसके पति के संबंधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

कुमार ने बताया कि गजरौला थाने में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गयी है और कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और गांव में पुलिस बलों की तैनाती की गयी है ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)