बालासोर (ओडिशा), 11 जून ओडिशा के बालासोर जिले में हुए भीषण रेल हादसे के 10वें दिन रविवार को बाहानगा में विभिन्न क्षेत्रों के लोग एकत्र हुए और घायलों के जल्दी स्वस्थ होने तथा मारे गए 288 लोगों की ‘मुक्ति’ के लिए प्रार्थना की।
गौरतलब है कि दो जून को कोरोमंडल एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी सहित तीन ट्रेनों के बीच हुई भीषण दुर्घटना में अभी तक 288 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 1,000 से अधिक लोग घायल हुए थे।
स्थानीय ग्रामीणों के अलावा हादसे के बाद मलबे से शवों और घायलों को निकालने वाले लोगों ने हिन्दुओं के अंतिम संस्कार के रिवाज के अनुसार ‘मुंडन’ कराया।
बाहानगा उच्च विद्यालय के परिसर के निकट तीन दिनों के लिए आयोजित श्रद्धांजलि सभा में सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यकर्ता, आध्यात्मिक संगठनों के सदस्यों आदि ने हिस्सा लिया। हादसे के बाद शवों को भुवनेश्वर ले जाए जाने से पहले इसी स्कूल में रखा गया था।
मृतकों की आत्मा की शांति के लिए सोरो प्रखंड के लोगों ने श्रद्धांजलि सभा और सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया है।
आयोजन समिति के एक सदस्य ने बताया कि सोमवार को हादसे के 11वें दन ‘बिस्व शांति महायज्ञ’, ‘अष्टप्रहरी नाम संकीर्तन’, ‘अखंड गायत्री मंत्र’ पढ़ा जाएगा और मंगलवार को कैंडल मार्च निकाला जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY