मुंबई, 27 जून ईद उल-अज़हा (बकरीद) के मौके पर मुंबई के देवनार इलाके में लगने वाली बकरा मंडी में भीड़ का फायदा उठाकर चोर व्यापारियों के महंगे फोन और नकदी चुरा ले गए। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि पिछले दो दिनों में पुलिस ने चोरी के तीन मामले दर्ज किए हैं। बकरीद का त्यौहार 29 जून बृहस्पतिवार को मनाया जाएगा।
देवनार थाने के एक अधिकारी के मुताबिक, दो व्यापारियों के 35-35 हजार रुपये मूल्य के मोबाइल फोन चोरी हुए हैं जबकि अन्य व्यापारी का 10,500 रुपये मूल्य का फोन चोरी हो गया है।
अधिकारी ने कहा कि तीनों मामलों में व्यापारियों ने आरोप लगाया है कि जब वे मंडी में बकरों का सौदा करने में व्यस्त थे तभी चोरों ने उनके फोन चुरा लिए। अधिकारी ने बताया कि व्यापारियों का ध्यान भटकाने के लिए चोर समूह बनाकर बाजार में घूम रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस के पास नकदी चोरी होने की भी शिकायतें आई हैं।
अधिकारी ने बताया, “ हमने तीन मामले दर्ज किए हैं और मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रहे हैं।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY