देश की खबरें | मुंबई: मरम्मत के दौरान नाले में गिरने से एक मजदूर की मौत, चार घायल

मुंबई, 24 मार्च मुंबई के सेवरी इलाके में रविवार को मरम्मत के दौरान खुले नाले में गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई और उसके चार सहयोगी घायल हो गए। एक नागरिक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह घटना सुबह सेवरी गाडी बंदर इलाके के पास हुई।

मुंबई अग्निशमन दल के अधिकारी के अनुसार, उस समय बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के 'स्टॉर्म वॉटर' विभाग के निर्देशन में एक "बॉक्स ड्रेन" की मरम्मत की जा रही थी।

उन्होंने बताया कि ठेकेदार 'एम/एस एक्यूट डिजाइन' द्वारा काम पर लगाए गए पांच मजदूर नाले में गिर गए।

उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने सभी पांच लोगों को नाले से निकाला और उन्हें नगर निगम संचालित केईएम अस्पताल ले गए, जहां उनमें से एक महबूब इस्माइल (19) नामक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया।

अन्य मजदूरों में से एक सलीम (25) की हालत गंभीर है।

उन्होंने अस्पताल के अधिकारियों के हवाले से कहा, शेष तीन - शफाकुल (22), कोरेम (35) और मोसालिन (30) की हालत स्थिर है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)