जरुरी जानकारी | प्रवासियों के लिए मुंबई सबसे महंगा भारतीय शहर, वैश्विक स्तर पर हांगकांग सबसे आगे

नयी दिल्ली, सात जून भारत में प्रवासियों के लिए सबसे महंगा शहर मुंबई है। इसके बाद नयी दिल्ली और बेंगलुरु का स्थान है। एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।

मर्सर के ‘जीवनयापन की लागत सर्वे-2023’ के अनुसार, वैश्विक रूप से पांच महाद्वीपों के 227 शहरों में मुंबई 147वें स्थान पर है। मुंबई भारत में प्रवासियों के लिए सबसे महंगा शहर है, जबकि वैश्विक रूप से इस सूची में हांगकांग सबसे आगे है।

वैश्विक रैंकिंग में दिल्ली 169वें, चेन्नई 184वें, बेंगलुरु 189वें, हैदराबाद 202वें, कोलकाता 211वें और पुणे 213वें स्थान पर हैं।

मर्सर के सर्वे में प्रत्येक स्थान पर आवास, परिवहन, भोजन, कपड़े, घरेलू वस्तुओं और मनोरंजन समेत 200 से ज्यादा वस्तुओं और सेवाओं की कीमत की तुलना की गई है।

रिपोर्ट के अनुसार, वैश्विक रूप से अंतरराष्ट्रीय कर्मियों के लिए इस वर्ष हांगकांग, सिंगापुर और ज्यूरिख सबसे महंगे शहर हैं।

रैंकिंग में सबसे कम महंगे शहरों में हवाना आता है। पिछले साल के मध्य में मुद्रा के अवमूल्यन के कारण हवाना 83 स्थान नीचे आ गया है। इसके अलावा अन्य सस्ते शहरों में दो पाकिस्तान से...कराची और इस्लामाबाद हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, सर्वे में शामिल भारतीय शहरों में चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता और पुणे में ठहरने का खर्च मुंबई से 50 प्रतिशत से भी कम है।

प्रवासियों के लिए 2023 में मुंबई और दिल्ली एशिया के 35 सबसे महंगे शहरों में शामिल हैं। हालांकि, मुंबई एशियाई शहरों में पिछले साल की तुलना में एक स्थान खिसक कर 27वें स्थान पर आ गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)