देश की खबरें | मुंबई के एक होटल में आग लगने से तीन लोगों की मौत, निगम ने लगाया सुरक्षा नियमों के उल्लंघन का आरोप

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुंबई के सांताक्रूज ईस्ट इलाके में रविवार दोपहर एक होटल में आग लग जाने से तीन लोगों की मौत हो गयी । एक अग्निशमन अधिकारी ने यह जानकारी दी।

मुंबई, 27 अगस्त मुंबई के सांताक्रूज ईस्ट इलाके में रविवार दोपहर एक होटल में आग लग जाने से तीन लोगों की मौत हो गयी । एक अग्निशमन अधिकारी ने यह जानकारी दी।

नगर निकाय के एक अधिकारी ने दावा किया कि अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने को लेकर इस होटल को नोटिस जारी किया गया था और उसे इस मामले में अदालत में भी घसीटा गया था।

एक अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि अपराह्न एक बजकर 10 मिनट पर प्रभात कॉलोनी स्थित पांच मंजिला गैलेक्सी होटल की तीसरी मंजिल पर आग लग गई, जिससे कुछ कमरों तथा सीढी, लॉबी जैसी जगहों पर बिजली के तार, अन्य उपकरणों, एसी, पर्दे, गद्दे, लकड़ी के फर्नीचर आदि जल गये।

उन्होंने कहा, ‘‘रूपल कांजी (25), किशन (28) और कांतिलाल गोरधन वारा (48) को अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अल्फा वखारिया (19) और मंजूला वखारिया (49) घायल हैं और उनका उपचार चल रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कमरा नंबर 103 और 203 में आग से बिजली के तार, फर्नीचर, वातानुकूलन प्रणाली और गद्दे जल गये तथा सीढ़ी एवं लॉबी में धोने के लिये रखे कपड़े, कंबल एवं पहले से तीसरे तल के मार्ग में तार जलकर नष्ट हो गये।’’

इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका के एच/पूर्व के वार्ड स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सतीश बडगिरे ने कहा, ‘‘ हाल में हमने गैलेक्सी होटल को अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने को लेकर नोटिस जारी किया था। हमने अदालत में उसके खिलाफ मामला दायर किया, लेकिन होटल की ओर से किसी ने भी हमारे नोटिस का जवाब नहीं दिया।’’

एक अन्य बीएमसी अधिकारी ने कहा कि होटल ने कथित रूप से संरचना में बदलाव किये तथा महानगरपालिका के भवन और फैक्टरी विभाग नियमों के उल्लंघन को लेकर कार्रवाई करेंगे।

अग्निशमन अधिकारी ने कहा कि यह प्रथम स्तर की आग थी, जिसे अपराह्न तीन बजकर 20 मिनट पर बुझाया गया।

उन्होंने बताया कि आग बुझाने में चार दमकल गाड़ियो, इतने ही पानी के टैंकर और अन्य उपकरणों की सहायता ली गयी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\