देश की खबरें | मुंबई भाजपा ने डिजिटल प्रचार रथ रवाना किए

मुंबई, नौ मार्च भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मुंबई इकाई ने शनिवार को लोकसभा चुनाव के लिए छह डिजिटल प्रचार रथ रवाना किए।

नगर भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार ने इन वाहनों को रवाना किया। उन्होंने कहा कि ये रथ शहर के छह लोकसभा क्षेत्रों के निवासियों को नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा किए गए विभिन्न विकास कार्यों से अवगत कराएंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने सभी मोर्चों पर अन्य पार्टियों पर बढ़त बना ली है और आगामी चुनावों के लिए प्रचार शुरू कर दिया है और दूसरों से पहले अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है।

शेलार ने कहा कि पार्टी महिला स्वयं सहायता समूहों, आंगनवाड़ी कर्मियों और स्वास्थ्य कर्मचारियों सहित समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रही है।

महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री ने कहा, “ 2047 में, जब भारत स्वतंत्रता की शताब्दी मना रहा होगा, तब यह अविकसित या विकासशील देश नहीं होगा, बल्कि यह एक विकसित देश होगा। यह 140 करोड़ भारतीयों का सपना है।”

उन्होंने कहा, “ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसी सपने को साकार करने के लिए प्रयासरत हैं।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)