देश की खबरें | मप्र : यात्री बस में मिला दो किलोग्राम सोना, तस्कर और कारोबारी गिरफ्तार

इंदौर (मध्यप्रदेश), 10 जुलाई राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने विदेश से तस्करी कर लाए गए सोने की अवैध खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए एक तस्कर और एक सर्राफा कारोबारी को गिरफ्तार किया है। निदेशालय के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपियों से विदेश से तस्करी कर लाया गया करीब दो किलोग्राम सोना और 2.52 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की गई है।

अधिकारी ने बताया कि इंदौर से भोपाल जा रही एक यात्री बस को मुखबिर की सूचना पर आठ जुलाई को एक टोल नाके पर रुकवा कर तलाशी ली गई थी। इस दौरान बस में सवार एक व्यक्ति के पास से करीब दो किलोग्राम विदेशी सोना मिला जिसकी कीमत लगभग 1.21 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

उन्होंने बताया कि आरोपी से सोना मिलने के बाद तीन स्थानों पर जांच की गई और इंदौर के एक सर्राफा कारोबारी से 2.52 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की गई।

अधिकारी के मुताबिक यह रकम विदेश से तस्करी कर लाए गए सोने की अवैध खरीद-फरोख्त से संबंधित है।

उन्होंने बताया कि तस्कर और सर्राफा कारोबारी को सीमा शुल्क अधिनियम (कस्टम एक्ट) 1962 के तहत गिरफ्तार किया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)