जबलपुर (मप्र), 16 जुलाई मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में एक कुत्ते को कुछ लोगों ने कथित तौर पर लाठी एवं छड़ से पीट-पीट कर जान से मार दिया। इस मामले की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
यह घटना शुक्रवार को पाटन पुलिस थानांतर्गत कैथला गांव में हुई और इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पाटन थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि ग्राम कैथला निवासी अरविंद गर्ग की तरफ से तहरीर दी गयी है कि गांव के सरपंच राम कुमार पटेल सहित आठ-दस लोगों ने शुक्रवार को उसके कुत्ते पर लाठी व छड़ से हमला कर दिया, जिसमें उसकी मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता के अनुसार सरपंच के खिलाफ वह ग्राम पंचायत का चुनाव लड़ा था और उसके द्वारा शासकीय तलैया (छोटे तालाब) में कब्जा किये जाने की शिकायत की थी, जिसके कारण वह उससे रंजिश रखता है।
सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि कुत्ते ने एक माह पूर्व सरपंच परिवार के एक सदस्य को काट लिया था। कुत्ते के भौंकने से सरपंच परिवार को दिक्कत थी।
उन्होंने कहा कि सरपंच व उसके साथी पड़ोस में रहने वाले गर्ग परिवार के छत से कुत्ते को नीचे लाये और लाठी व डंडे से प्रहार कर उसे जान से मार दिया।
अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने तहरीर को संज्ञान में लेकर मामले की विवेचना प्रारंभ कर दी है। जांच में आये तथ्यों के आधार पर विधिवत कार्रवाई की जायेगी।
घटना का एक कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें कुछ लोग एक कुत्ते को लाठियों से पीटते नजर आ रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY