MP Shocker: महिला, उसके पोते की पिटायी के मामले में जीआरपी के छह कर्मी निलंबित
मध्यप्रदेश सरकार ने कटनी जिले में एक महिला और उसके पोते की पिटायी के मामले में थाना प्रभारी सहित राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के छह कर्मचारियों को बृहस्पतिवार को निलंबित कर दिया.
भोपाल, 30 अगस्त : मध्यप्रदेश सरकार ने कटनी जिले में एक महिला और उसके पोते की पिटायी के मामले में थाना प्रभारी सहित राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के छह कर्मचारियों को बृहस्पतिवार को निलंबित कर दिया. विपक्षी दल कांग्रेस ने दावा किया कि पीड़ित दलित थे. मोहन यादव के नेतृत्व वाली राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधते हुए, कांग्रेस नेताओं ने कटनी के एक थाने के अंदर धरना दिया और आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) संतोष देहरिया ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई है. हमने इसे उचित तरीके से लिया है और शिकायत रजिस्टर में इसकी प्रविष्टि की है तथा प्रदर्शनकारियों को रसीद दी है. 'रोजनामचा' (दैनिक रिकॉर्ड रजिस्टर) में भी इसकी प्रविष्टि की गई है. इसे ऑनलाइन भी अपडेट किया गया है.’’ एएसपी ने बताया कि कांग्रेस नेता चाहते थे कि शिकायत ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए दर्ज की जाए और अब इसे जीआरपी पुलिस थाने को भेज दिया जाएगा.
उन्होंने कहा कि आरोपी जीआरपी कर्मी घटना की जांच कर रहे डीआईजी के समक्ष अपना बयान दर्ज कराएंगे तथा जीआरपी थाना द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि इस घटना ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के दलित समुदाय के प्रति तानाशाही वाले रवैये को उजागर किया है. पटवारी ने कहा, ‘‘छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया और उन्हें अपनी नौकरी में समस्याओं का सामना करना पड़ेगा क्योंकि हम उनके खिलाफ अदालत जाएंगे. कांग्रेस अधिकारियों को चेतावनी दे रही है कि वे (सत्तारूढ़) पार्टी के एजेंट के रूप में काम न करें. उन्हें नियम पुस्तिका के अनुसार काम करना चाहिए.’’ उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के विरोध के बाद ही ‘प्राथमिकी’ दर्ज की गई. यह भी पढ़ें : Sikkim Sexual Harassment: दिव्यांग महिला का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
मुख्यमंत्री यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जीआरपी कटनी पुलिस थाने के पुलिसकर्मियों द्वारा पिटायी किये जाने का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है. मैंने इसका संज्ञान लेने के बाद उप महानिरीक्षक (डीआईजी) रेल को घटना की जांच के लिए मौके पर जाने को कहा है. प्रारंभिक जांच के आधार पर, मैंने तत्कालीन जीआरपी पुलिस थाना प्रभारी, एक हेड कांस्टेबल और चार कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया है.’’ एक अधिकारी ने बताया कि थाना प्रभारी अरुणा वाहने, हेड कांस्टेबल अजय श्रीवास्तव, कांस्टेबल शोएब अब्बासी, सलमान खान, ओमकार सिरसाम और महिला कांस्टेबल वर्षा दुबे को निलंबित कर दिया गया है.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 30, 2024 12:54 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

